अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने बताया है कि उसने ईरान के कई ठिकानों पर नए सैन्य हमले शुरू किए हैं। अमेरिका का कहना है कि ये हमले आत्मरक्षा में किए जा रहे हैं और यह ईरान की लगातार गतिविधियों का जवाब हैं।
भारतीय समय के अनुसार ये हमले 11 जून 2026 की तड़के करीब 2:45 बजे शुरू हुए। CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर बुधवार शाम 5:15 बजे (अमेरिकी ईस्टर्न टाइम) से ईरान के कई लक्ष्यों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान की लगातार और उकसावे वाली गतिविधियों के जवाब में की गई है।
उधर, ईरान में हालात तेजी से बदल रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार देशभर में आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने अपने सभी आपातकालीन संचालन केंद्रों को पूर्ण सतर्कता पर रहने का निर्देश दिया है।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि ईरान के कई शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में ताजा विस्फोटों की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि शहर के पूर्वी हिस्से में हुई एक घटना से ये धमाके जुड़े हो सकते हैं। इसके अलावा दक्षिणी शहर सीरिक और मिनाब, केश्म द्वीप तथा उत्तरी शहर गोर्गान में भी विस्फोट होने की सूचना मिली है।
राजधानी तेहरान के पश्चिमी हिस्से में वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी ईरान के फ़ार्स प्रांत में भी एक विस्फोट की आवाज सुनी गई। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार यह धमाका शहर के बाहर वायु रक्षा प्रणाली के सक्रिय होने के कारण हुआ।
इस बीच इराकी मीडिया की रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ईरान ने इराक के एरबिल स्थित अमेरिकी अल-हरीर एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि इस हमले में अमेरिकी रडार प्रणाली को नुकसान पहुंचा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
इन घटनाओं से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए थे कि अमेरिका ईरान पर फिर से हमले शुरू करेगा। उन्होंने कहा था कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच चल रही बातचीत में देरी से वह नाराज हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने की घटना के बाद अमेरिका के पास सैन्य कार्रवाई का आधार मौजूद है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है और दुनिया की नजरें अमेरिका तथा ईरान के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: केशम आईलैंड, बंदर अब्बास… होर्मुज के पास इन ईरानी ठिकानों पर अमेरिका की भारी बमबारी
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब खतरनाक स्तर पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद कि ईरान ने होर्मुज जलमार्ग में अमेरिकी सेना के एक Apache हेलीकॉप्टर को मार गिराया, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पुष्टि की है कि अमेरिकी बलों ने आत्मरक्षा के तहत ईरानी ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमले किए हैं। इन हमलों की सबसे ज्यादा खबरें ईरान के होर्मोजगान प्रांत से सामने आई हैं, जहां केशम द्वीप, बंदर अब्बास, सीरिक और जास्क जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में जोरदार विस्फोटों की सूचना मिली है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
