US-Israel-Iran War Ceasefire News: पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच शांति को लेकर चल रही बातचीत बेनतीजा रही। यह 21 घंटे से ज्यादा समय तक चली। इसको लेकर अब ईरान की तरफ से डेलीगेशन का नेतृत्व कर रहे पॉर्लियामेंट स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि उनके देश के डेलिगेशन ने पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बातचीत के दौरान आगे की सोच वाले प्रस्ताव रखे, लेकिन अमेरिका बातचीत में डेलिगेशन का भरोसा जीतने में नाकाम रहा।

मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अमेरिका ने ईरान के तर्क और सिद्धांतों को समझ लिया है और अब यह फैसला करने का समय है कि वे हमारा भरोसा जीत सकते हैं या नहीं।”

ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि रविवार को इस्लामाबाद में वार्ता रुकने के बाद किसी ने भी एक ही सत्र में समझौते पर पहुंचने की उम्मीद नहीं की थी। सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा, “स्वाभाविक रूप से, शुरू से ही हमें एक ही सत्र में समझौते पर पहुंचने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए थी। किसी को भी ऐसी उम्मीद नहीं थी।”

अब तक ईरान में कितने लोगों की मौत हुई

तेहरान में लोगों ने एपी को बताया कि हफ्तों तक चले हवाई हमलों से उनके लगभग 93 मिलियन लोगों के देश में तबाही मचने के बाद वे आशंकित होने के साथ-साथ आशावान भी थे। अमेरिका-इजराइल युद्ध में ईरान पर 2000 से ज्यादा ईरानी मारे गए हैं।

हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं- जेडी वेंस

बता दें कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को खत्म हुई लंबी वार्ता के बावजूद, अमेरिका और ईरान अपने युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए एक समझौते पर पहुंचने में विफल रहे हैं। इसकी वजह से नाजुक संघर्षविराम खतरे में पड़ गया है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस्लामाबाद से रवाना होने से कुछ ही समय पहले पत्रकारों से कहा, “बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं और मुझे लगता है कि यह खबर अमेरिका के लिए जितनी बुरी है, उससे कहीं ज्यादा बुरी खबर ईरान के लिए है।”

वेंस ने कहा, कि हम यहां से एक बहुत ही सरल प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं, एक ऐसा समाधान जो हमारा अंतिम और सर्वोत्तम प्रस्ताव है। हम देखेंगे कि ईरानी इसे स्वीकार करते हैं या नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पिछले 21 घंटों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लगभग आधा दर्जन बार, एक दर्जन बार बात की और साथ ही विदेश मंत्री मार्को रुबियो, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख ब्रैड कूपर से भी बात की।

इजरायल ने लेबनान में हमले किए

ईरान और अमेरिका की वार्ता विफल होने के कुछ ही घंटों बाद इजरायल की डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करने का दावा किया है। साथ ही खुफिया जानकारी के आधार पर एक अलग ऑपरेशन में भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किया है। पढ़ें पूरी खबर…