अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जनरल रैंडी जॉर्ज को अपना पद छोड़ने के लिए कह दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच यह बड़ा फैसला लिया गया है। पेंटागन ने अभी तक इस फैसले को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी है।

एपी से बात करते हुए पेंटागन के प्रवक्ता ने कहा कि जॉर्ज 41वें सेना प्रमुख के रूप में रिटायर होने जा रहे हैं। पीट हेगसेथ ने 2025 में रक्षा मंत्री का पद संभाला था, तब से कई बड़े सैन्य अधिकारियों को हटा दिया गया है।

रैंडी जॉर्ज की जगह कौन लेंगे?

अब लेफ्टिनेंट जनरल क्रिस्टोफर लानेव रैंडी जॉर्ज की जगह ले सकते हैं। उन्हें रक्षा मंत्री के प्रमुख सैन्य सलाहकारों में भी गिना जाता है। अचानक होने वाले इस इस्तीफे के बड़े मायने निकाले जा रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि अगले 2 से 3 हफ्तों में ईरान पर बड़ा हमला हो सकता है। उनकी तरफ से युद्ध खत्म करने को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि मेरी पहली प्राथमिकता हमेशा कूटनीति का रास्ता ही रहा है, फिर भी उस शासन ने परमाणु हथियारों की अपनी लगातार खोज जारी रखी और किसी भी समझौते के हर प्रयास को ठुकरा दिया। इसी कारण से, जून में, मैंने ‘ऑपरेशन मिडनाइट हैमर’ के तहत ईरान की प्रमुख परमाणु सुविधाओं पर हमला करने का आदेश दिया।

जनरल रैंडी जॉर्ज की बात करें तो उन्हें पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में सेना प्रमुख बनाया गया था। उनका कार्यकाल 2027 तक था, लेकिन ईरान के साथ तनाव के बीच उन्हें समय से पहले ही पद छोड़ने के लिए कहा गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि जॉर्ज की जगह लेने वाले क्रिस्टोफर लानेव 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडिंग जनरल भी रह चुके हैं और उन्हें सेना में एक अनुभवी अधिकारी माना जाता है।

ये भी पढ़ें- जंग से ज्यादा खतरनाक होती बयानबाजी