अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों ही देश लगभग 4 महीने से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने पर सहमत हो गए हैं। बीते दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार कहा था कि अमेरिका और ईरान समझौते के करीब हैं।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि ईरान के साथ समझौता हो गया है। उन्होंने इसके लिए सभी को बधाई दी। ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलमार्ग को फिर से खोला जाएगा और इसके साथ ही अमेरिकी नौसेना ने जो नाकेबंदी की है, उसे भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया जाएगा।
ट्रंप ने कहा कि दुनिया भर के जहाजों को अब अपने इंजन को चालू कर देना चाहिए।

शहबाज शरीफ का भी आया बयान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी किया।
शरीफ ने कहा कि वाशिंगटन और तेहरान दोनों लेबनान सहित सभी मोर्चों पर चल रहे मिलिट्री ऑपरेशन को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने पर बताया कि शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में आयोजित एक कार्यक्रम में दस्तखत किए जाएंगे।
एक वरिष्ठ ईरानी अफसर ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि समझौते के फाइनल ड्राफ्ट में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज जलमार्ग को फिर से खोलने और तेल प्रतिबंधों पर अमेरिकी छूट सहित कई मुद्दों को शामिल किया गया है और दोनों पक्षों द्वारा सहमति बनने के बाद 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते पर चर्चा होगी।
बेरूत में इजरायली हमले की वजह से हुई देर
शांति समझौते का ऐलान होने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने बताया था कि बेरूत में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर इजरायल के हमलों के कारण अमेरिका-ईरान समझौते पर हस्ताक्षर में कुछ घंटों की देरी हुई है। ट्रंप ने कहा था कि बेरूत में इजरायली हमले को लेकर उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से नाराजगी जताई थी। इससे पहले ट्रंप ने इजरायल और ईरान से एक-दूसरे पर हमले न करने को कहा था।
ट्रंप ने बीते दिनों कहा था कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने का समझौता लगभग तय हो चुका है और इस पर जल्द ही दस्तखत होने की उम्मीद है। ट्रंप ने कहा था कि समझौता होने के बाद होर्मुज जलमार्ग को फिर से खोल दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया था कि ईरान ने कहा है कि वह परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश नहीं करेगा।
‘ईरान को बातचीत रोकने की कीमत चुकानी होगी’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि अमेरिका उसे फिर कड़ी टक्कर देगा। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका एक ऐसा समझौता चाहता है जो सार्थक हो और कारगर साबित हो। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
