प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद भारत दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए की जा रही हर सही कोशिश का समर्थन करता है। पीएम मोदी का यह बयान रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच आया। पीएम मोदी मोदी ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन, बातचीत और कूटनीति में विश्वास करते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया, भारत ने शांति की दिशा में हर सही कोशिश का लगातार साथ दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देश वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
पीएम मोदी का बयान अहम क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बयान रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म कराने के लिए भारत की ओर से की जा रही कोशिशों के बीच काफी अहम माना जा रहा है। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने हाल ही में दावा किया था कि भारत ने युद्ध खत्म करने के लिए पहली बार प्रस्ताव रखा है।
रूस और यूक्रेन के लगातार संपर्क में है भारत- एस जयशंकर
प्रधानमंत्री के इस बयान के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सोमवार को यह कहा था कि भारत अब केवल शांति की अपील करने तक सीमित नहीं है, बल्कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच दोनों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि भारत ब्लैक सी में जहाजों की सुरक्षा, अनाज और ऊर्जा के निर्यात तथा एक-दूसरे पर हमले रोकने जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
युद्ध का असर पड़ा था भारतीयों पर- एस जयशंकर
एस जयशंकर ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि भारत ने इस साल जुलाई में रूस और यूक्रेन के साथ बातचीत का नया दौर शुरू किया था। इसकी एक बड़ी वजह ब्लैक सी में दोनों पक्षों की ओर से कमर्शियल जहाजों पर हुए हमले थे। जयशंकर के मुताबिक, इन हमलों में कुछ भारतीय नाविकों की मौत हुई और कुछ घायल हुए। भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों के सामने इन घटनाओं पर कड़ा विरोध जताया।
भारत ने जहाजों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारतीय नाविकों की मौत के बाद इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने शुरुआत में बातचीत का मुख्य मुद्दा समुद्री जहाजों और उनमें काम करने वाले लोगों की सुरक्षा रखा था। बाद में यह बातचीत अनाज, ऊर्जा और दूसरे जरूरी सामान के निर्यात तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि ब्लैक सी में अनाज का निर्यात प्रभावित होने से दुनिया के कई देशों पर असर पड़ रहा था। इसके बाद बातचीत इस सवाल तक पहुंची कि क्या जहाजों पर हमले रोकने के साथ-साथ अनाज की आवाजाही को भी आसान बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘ज्यादा रियायत देना आसान नहीं होगा’, भारत-अमेरिकी ट्रेड डील पर बोलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की वार्ता मुश्किल मोड़ पर पहुंच गई है। समझौते पर आगे बढ़ना अब आसान नहीं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष शायद ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं, जहां आगे और रियायत देना या लेना काफी मुश्किल होगा। यहां पढ़ें पूरी खबर…
