ग्रेट ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने गुरुवार को अपने पूर्व अमेरिकी राजदूत पीटर मैंडलसन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उन्हें दुख है कि उन्होंने पीटर को नियुक्त करने से पहले उसके झूठ को सच माना और भरोसा किया।

कीर ने अपने बयान से ब्रिटिश राजनीति में अपने खिलाफ व्याप्त आक्रोश को शांत करने की कोशिश की है। कीर स्टारमर पर भारी दबाव है, इसमें उनकी अपनी लेबर पार्टी के सांसद भी शामिल हैं।

कीर स्टारमर ने बनाया था पीटर को राजदूत

कीर स्टारमर ने दिसंबर 2024 में पीटर मैंडेलसन को वाशिंगटन में ब्रिटेन का राजदूत बनाया था, जबकि पीटर के संबंध अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ पहले से पता था।

अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने पिछले हफ्ते ही एपस्टीन की कुछ अन्य फाइल जारी की जिसमें ऐसे ईमेल शामिल थे जो पीटर और एपस्टीन के रिश्ता को घनिष्ठ बताते हैं। साथ ही यह भी संकेत देते हैं कि पीटर मेंडेलसन ने सरकारी दस्तावेजों को एपस्टीन से शेयर किया था, और एपस्टीन ने पीटर मेंडेलसन या अपने तत्कालीन साथी (पति) को किए गए भुगतानों को रिकॉर्ड किया था।

खतरे में प्रधानमंत्री की कुर्सी

दक्षिण इंग्लैंड में अपने भाषण की शुरुआत में कीर स्टारमर ने कहा, “यह बात काफी समय से सार्वजनिक थी कि पीटर मैंडेलसन, जेफरी एपस्टीन को जानते थे, लेकिन हममें से किसी को भी उस रिश्ते की गहराई और उसके काले सच का अंदाजा नहीं था।”15 साल से भी पहले जब लेबर पार्टी सत्ता में थी, तब पीटर मैंडेलसन सरकार में मंत्री थे।

एपस्टीन से संबंधों के कारण उन्होंने मंगलवार को संसद के ऊपरी सदन, हाउस ऑफ लॉर्ड्स में अपने पद से इस्तीफा दे दिया और अब उन पर पद के दुरुपयोग के आरोप में पुलिस जांच चल रही है।

कीर स्टारमर ने पिछले सितंबर में पीटर मैंडेलसन को बर्खास्त कर दिया था, लेकिन उनके विरोधियों और उनकी अपनी पार्टी के नेताओं ने भी कहा है कि नए खुलासों ने उनके फैसले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही एक सर्वे से पता चला कि कीर स्टारमर पहले से ही जनता के बीच बेहद अलोकप्रिय हैं और अब उनकी अपनी पार्टी के कुछ लोगों का कहना है कि उनकी कुर्सी खतरे में है।

‘मुझसे झूठ बोला गया’

बढ़ती आलोचनाओं का सामना करते हुए, पीएम कीर ने अपने भाषण में पीटर मेंडेलसन की कड़ी निंदा की और कहा कि हाल के खुलासों से गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने पीटर मेंडेलसन पर आरोप लगाया कि पीटर ने जनहित में सेवा करने के विश्वास से सार्वजनिक सेवा में प्रवेश नहीं किया। उन्होंने कहा, “मुझसे झूठ बोला गया, धोखा दिया गया।” “मैं लेबर पार्टी के सांसदों के बीच जो कुछ हुआ है, उसके प्रति गुस्से और निराशा को समझता हूँ। मैं वास्तव में उस गुस्से और निराशा को साझा करता हूँ, यह कल स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। मुझे आश्चर्य नहीं है।”

जनता से मांगी माफी

एपस्टीन के पीड़ितों को संबोधित करते हुए ब्रिटिश पीएम कीर ने कहा, “मुझे खेद है, आपके (जनता) साथ जो हुआ उसके लिए मुझे खेद है, मुझे खेद है कि इतने सारे शक्तिशाली लोगों ने आपको धोखा दिया, मुझे पीटर मेंडेलसन के झूठ पर विश्वास करने और उन्हें नियुक्त करने के लिए खेद है।”

कीर स्टारमर ने कहा कि वह उस सुरक्षा जांच संबंधी सलाह को जारी करना चाहते थे जो उन्हें पीटर मैंडेलसन को वाशिंगटन में इस पद के लिए चुनने के समय दी गई थी, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस के उस अनुरोध का पालन करना होगा कि वे ऐसा कुछ भी न करें जिससे जांच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा, “हालांकि मैं कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाऊंगा, चाहे वह राजनीतिक रूप से कितना भी लुभावना हो, कितना भी लोकप्रिय हो, जिससे पीड़ितों के लिए न्याय खतरे में पड़ जाए।” आगे पढ़िए ‘ट्रंप एक इंटरनेशनल गैंगस्टर की तरह काम कर रहे…’, ब्रिटिश सांसद ने अमेरिकी राष्ट्रपति को बताया अब तक सबसे भ्रष्ट नेता