World War-2 Planes Crashes In Air: अमेरिका के टेक्सास के डलास शहर में चल रहे एयर शो के दौरान शनिवार को दो हवाई जहाज आपस में टकरा गये। दोनों जहाज द्वितीय विश्व युद्ध में भाग ले चुके हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने मीडिया को बताया कि घटना स्थानीय समय अनुसार दोपहर लगभग 1 बजकर बीस मिनट पर हुई। दोनों विमानों में कुल 6 लोग मौजूद थे। हालांकि अभी यह नहीं बताया गया कि विमान में मौजूद लोगों की स्थिति कैसी है लेकिन उनके मौत की आशंका जताई जा रही है।
घटना के समय हजारों लोग इस एयर शो को देख रहे थे। हादसा होते ही लोग वहां से भागने लगे। लोगों ने बताया कि घटना के बाद धुएं का भारी गुबार उठा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एयर शो के दौरान एक प्लेन बहुत तेजी में आता है और दूसरे प्लेन से टकरा जाता है। इसके बाद दोनों प्लेन के कुछ टुकड़े हवा में गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही प्लेन जमीन में गिरते हैं, तुरंत एक विस्फोट होता है और धुएं का गुबार दिखाई देता है।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि दुर्घटना में क्रैश हुए द्वितीय विश्व युद्ध के विमानों में से एक बोइंग बी-17 फ्लाइंग फोर्ट्रेस और एक बेल पी-63 किंगकोबरा था। इस हादसे की जांच शुरू हो गई है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट किया कि एयरशो में हादसा होने से वेटरन-डे स्मारक कार्यक्रम का पूरा दृश्य डरावनी घटना में बदल गया।
2019 में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
तीन साल पहले अक्टूबर 2019 में भी अमेरिका में ऐसी घटना हुई थी। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक विमान जिसमें 13 लोग सवार थे, टेकऑफ़ करते समय यांत्रिक गड़बड़ी का सामना करने के बाद हार्टफोर्ड हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त होकर जल गया था, जिसमें से सात की मौत हो गई। अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि चार इंजन वाले, प्रोपेलर से चलने वाले बी-17 बमवर्षक ने हवा में जाने के लिए संघर्ष किया और ब्रैडली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक मेंटेनेंस इमारत में फिसल गया। उस समय पायलट लैंडिंग के लिए वापस चक्कर लगा रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिली।