अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलमार्ग को लेकर अब अपने सहयोगी देश ओमान को भी धमकी दे दी है। उन्होंने कहा कि होर्मुज में ईरानी जहाजों की अमेरिकी नाकेबंदी में अगर ईरान का पड़ोसी देश ओमान भी बाधा डालता है तो हम उस पर जबरदस्त बम गिराएंगे।
अमेरिका-ईरान सीजफायर की समय सीमा से कुछ दिन पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार को फॉक्स न्यूज के साथ एक इंटरव्यू के दौरान यह बात कही।
ओमान को दी तबाह करने की धमकी
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा “अगर ओमान ने रुकावट डाली, तो हम उन पर जबरदस्त बमबारी करेंगे और पूरी तरह तबाह कर देंगे।”
ईरान करे सरेंडर- ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ अपने इंटरव्यू के बारे में X पर पत्रकार ट्रे यिंगस्ट की पोस्ट के अनुसार, ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान को सरेंडर कर देने चाहिए और उसे सफेद झंडा लहरा देना चाहिए।”
ट्रंप ने कहा, “मेरे पास कोई समय-सीमा नहीं है। मुझे कोई जल्दी नहीं है… मिड-टर्म चुनावों का मेरी सोच से कोई लेना-देना नहीं है।”
ईरान के साथ टकराव की वजह से तेल और गैस की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे नवंबर में होने वाले मिड-टर्म चुनावों से पहले ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पर दबाव बढ़ गया है।
ईरान और ओमान कर रहे होर्मुज को लेकर बात
हाल के दिनों में, ईरानी अधिकारी होर्मुज जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही के लिए एक अस्थायी व्यवस्था पर समझौता करने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। ईरान और ओमान के बीच इस अहम जलमार्ग पर कंट्रोल को लेकर चल रही वार्ता के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने यह धमकी दी है।
क्या ईरान और ओमान के बीच होर्मुज समझौते पर बात बन गई है?
ईरान ने सोमवार को कहा कि उसने ओमान के साथ होर्मुज जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों की योजना पर समझौता कर लिया है। यह जलमार्ग दोनों देशों के बीच स्थित है। साथ ही, दोनों पक्ष अब एक संयुक्त बयान की बारीकियों को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं। तेहरान में ईरान के विदेश मामलों के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने पत्रकारों को बताया कि “ट्रांजिट रूट के नक्शे को लेकर सहमति बन गई है।”
समझौते की बात आई थी सामने
उन्होंने इस मामले को लेकर और अधिक जानकारी तो नहीं दी, लेकिन पहले सामने आई बातों से पता चलता है कि इस समझौते से जलमार्ग फिर से खुल सकता है। इसके तहत जहाज ईरान के पास वाले रास्ते से अंदर आएंगे और ओमान के पास वाले रास्ते से बाहर निकलेंगे। इस बीच के समय में जहाजों को कोई फीस या टोल नहीं देना होगा।
28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने होर्मुज जलमार्ग को बंद कर दिया था। यह दुनिया भर के कॉमर्शियल जहाजों के लिए एक बहुत अहम रास्ता है क्योंकि दुनिया के कुल तेल व्यापार का लगभग पाँचवाँ हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता था।
यह भी पढ़ें: ‘ईरान पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की योजना बना रहे ट्रंप’, पूर्व अमेरिकी कांग्रेस सदस्य का दावा
अमेरिका की पूर्व कांग्रेस सदस्य ने दावा किया है कि ईरान पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की योजना बना रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप मार्जोरी टेलर ग्रीन ने आरोप लगाया है कि व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों के संभावित इस्तेमाल को लेकर रणनीतिक बैठकें कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
