अमेरिका में ग्रीन कार्ड के जरिए स्थायी निवास पाने वाले विदेशी टेक कर्मचारियों को लेकर ट्रंप प्रशासन के सख्त रुख पर माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कदम से अमेरिकी टेक्नोलॉजी सेक्टर की प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता कमजोर हो सकती है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समेत दूसरे तकनीकी क्षेत्रों के बेहतरीन एक्सपर्ट्स दूसरे देशों का रुख कर सकते हैं।

ब्रैड स्मिथ ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट पर H-1B वीजा कार्यक्रम का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था।

8 आईटी कंपनियों पर ग्रीन कार्ड आवेदन को लेकर कार्रवाई

ट्रंप प्रशासन ने विदेशी कर्मचारियों को ग्रीन कार्ड दिलाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले नए आवेदन पर रोक लगाते हुए आठ आईटी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, एडोबी और HCLTech जैसी कंपनियां शामिल हैं। अमेरिकी श्रम विभाग की इस कार्रवाई से इन कंपनियों के विदेशी कर्मचारियों के लिए स्थायी निवास पाने का एक अहम रास्ता प्रभावित हो सकता है।

इससे पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने माइक्रोसॉफ्ट समेत आठ कंपनियों पर H-1B वीजा कार्यक्रम का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि कंपनियां इस कार्यक्रम के जरिए अमेरिकी कर्मचारियों को ज्यादा वेतन देने से बचने के लिए विदेशी कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं।

हालांकि, आईटी सेवा कंपनी विप्रो ने कहा है कि इस फैसले से उसके कारोबार पर किसी बड़े असर की आशंका नहीं है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी सरकार का यह कदम स्थायी निवास से जुड़ी एक खास प्रक्रिया पर लागू होता है। यह H-1B जैसे स्किल्ड फॉरेन एम्प्लॉइज को अमेरिका में काम करने की अनुमति देने वाले कार्यक्रमों से अलग है।

‘अमेरिका एक पीढ़ी तक पिछड़ सकता है’

POLITICO को दिए एक इंटरव्यू में ब्रैड स्मिथ ने कहा कि स्किल्ड फॉरेन एम्प्लॉइज के लिए स्थायी निवास के रास्ते बंद करने से अमेरिकी टेक्नोलॉजी सेक्टर को लंबे समय तक नुकसान हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के फैसलों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम करने वाले प्रतिभाशाली लोग अमेरिका के बजाय दूसरे देशों में अवसर तलाश सकते हैं।

स्मिथ के मुताबिक, अमेरिका को ऐसी नीतियों से बचना चाहिए जो दुनिया के बेहतरीन टेक्निकल एक्सपर्ट को देश छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विदेशी प्रतिभाओं को आकर्षित करने की क्षमता अमेरिका की टेक्निकल कंपटीशन के लिए बेहद अहम है।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब दुनियाभर में AI और नई तकनीकों के क्षेत्र में आगे निकलने की होड़ तेज हो रही है। ऐसे में प्रतिभाशाली कर्मचारियों को अमेरिका में काम करने और आगे बढ़ने के अवसर देना देश की तकनीकी प्रगति के लिए जरूरी है।

सत्या नडेला का उदाहरण देकर समझाई बात

ब्रैड स्मिथ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस दिन ट्रंप ने माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला समेत टेक्नोलॉजी और विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया, उसी दिन विदेशी कर्मचारियों के ग्रीन कार्ड आवेदन पर रोक लगाने का फैसला भी सामने आया। भारत में जन्मे सत्या नडेला ने अपने करियर के दौरान H-1B वीजा पर भी काम किया था।

स्मिथ ने कहा कि जिन छह लोगों को राष्ट्रपति ने टेक्नोलॉजी और विज्ञान के क्षेत्र में सम्मानित किया, उनमें से पांच अमेरिका में अप्रवासी के तौर पर आए थे। उनके मुताबिक, इन पांच लोगों और उनकी कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य S&P 500 इंडेक्स में शामिल कंपनियों के कुल बाजार मूल्य के 25 फीसदी से भी ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था, लोगों की संपत्ति और जीवन स्तर को बेहतर बनाने में योगदान दिया है। इसलिए ऐसी नीतियां बनाते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कहीं देश अपनी ही तरक्की के रास्ते में बाधा तो नहीं खड़ी कर रहा।

H-1B वीजा के दुरुपयोग के आरोपों को किया खारिज

ब्रैड स्मिथ ने माइक्रोसॉफ्ट पर H-1B वीजा कार्यक्रम का गलत इस्तेमाल करने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को कंपनी के कर्मचारियों और ग्रीन कार्ड आवेदनों से जुड़े आंकड़ों की सही जानकारी नहीं दी गई है।

स्मिथ के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट के ग्रीन कार्ड आवेदनों का बड़ा हिस्सा उन कर्मचारियों के लिए है, जो लंबे समय से कंपनी में काम कर रहे हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि अमेरिका में ग्रीन कार्ड के लिए पहले से ही लंबा इंतजार करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि माइक्रोसॉफ्ट विदेशी मूल के कर्मचारियों को अमेरिकी कर्मचारियों की तुलना में कम वेतन नहीं देता। कंपनी में कर्मचारियों का वेतन तय करने की व्यवस्था समान है और यह इस बात पर निर्भर नहीं करती कि कोई कर्मचारी वीजा लेकर अमेरिका आया है या वहीं का नागरिक है।

पिछले साल 9,000 से ज्यादा अमेरिकी कर्मचारियों को दी नौकरी

स्मिथ ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले साल अमेरिका में जन्मे 9,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी दी थी। उन्होंने कहा कि ग्रीन कार्ड और H-1B वीजा को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कंपनी की घरेलू नियुक्तियों के रिकॉर्ड को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट अपने रिकॉर्ड पर कायम है और उम्मीद करता है कि व्हाइट हाउस कंपनी के आंकड़ों और उसके पक्ष पर दोबारा गौर करेगा।

AI सुरक्षा के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन की तारीफ

ग्रीन कार्ड और विदेशी कर्मचारियों को लेकर ट्रंप प्रशासन की आलोचना करने के बावजूद ब्रैड स्मिथ ने AI सुरक्षा से जुड़े कुछ फैसलों के लिए उसकी तारीफ भी की। उन्होंने AI कंपनी ‘एंथ्रोपिक’ के नए मॉडल से जुड़े एक्सपोर्ट कंट्रोल और पब्लिक सेफ्टी के लिए उठाए गए कदमों का समर्थन किया।

स्मिथ के मुताबिक, सरकारों को यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए कि नई तकनीकों के इस्तेमाल से लोगों की सुरक्षा को खतरा न पहुंचे। उन्होंने कहा कि AI उत्पादों को जारी करने से पहले सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है और इस मामले में अमेरिकी प्रशासन ने निर्णायक कदम उठाए हैं।

स्मिथ के बयान से साफ है कि माइक्रोसॉफ्ट को एक ओर विदेशी प्रतिभाओं के लिए अमेरिका में अवसर सीमित होने की चिंता है, वहीं दूसरी ओर वह AI के सुरक्षित विकास के लिए सख्त नियमों का समर्थन भी करता है।

यह भी पढ़ें: ट्रंप की प्रेस सचिव केटी जकारिया की डिग्री पर सवाल, अमेरिका में बार परीक्षा पास करने का नहीं मिला रिकॉर्ड

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई व्हाइट हाउस प्रेस सचिव केटी जकारिया की कानूनी योग्यता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जकारिया साल 2011 में कैलिफोर्निया का बार एग्जाम पास नहीं कर पाई थीं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।