अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ किसी भी परमाणु हथियार के इस्तेमाल से इनकार किया है। ट्रंप ने कहा कि किसी भी देश को कभी भी परमाणु हथियार का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान राष्ट्रपति से पूछा गया कि क्या वह ईरान पर परमाणु हमला करने पर विचार कर रहे हैं।
एक रिपोर्टर को यह सवाल पूछते सुना गया कि क्या आप ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेंगे? इस पर ट्रंप ने नहीं में जवाब दिया और फिर सवाल उठाया कि ऐसा बेवकूफी भरा सवाल आखिर क्यों पूछा गया। उन्होंने कहा, “जब हमने बिना परमाणु हथियार के ही ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया है, तो मैं परमाणु हथियार का इस्तेमाल क्यों करूंगा? परमाणु हथियार का इस्तेमाल किसी को भी कभी नहीं करने दिया जाना चाहिए।”
ट्रंप ईरान के यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को पूरी तरह खत्म करने और 60 प्रतिशत तक यूरेनियम के भंडार को हटाने की मांग कर रहे हैं। पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय तक चले गतिरोध के दौरान अमेरिका ने कई परमाणु ठिकानों पर हमला किया और बार-बार यह दावा किया कि उसने इन साइट्स को पूरी तरह “नष्ट” कर दिया है। हालांकि तेहरान ने इन दावों को कई बार खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिका और इजरायल इस्लामिक गणराज्य की “विशाल और रणनीतिक” क्षमताओं से अनजान हैं।
युद्धविराम जिसे अब बढ़ा दिया गया है के बीच ईरान ने यह भी साफ किया है कि वह अपने समृद्ध यूरेनियम भंडार को कहीं भी स्थानांतरित नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा, “ईरान का समृद्ध यूरेनियम कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। अमेरिका को यूरेनियम सौंपना हमारे लिए कभी विकल्प नहीं रहा है।” यह बयान ट्रंप के उस दावे के बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि तेहरान अपना समृद्ध यूरेनियम अमेरिका को सौंप देगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने भी ट्रंप के “झूठे दावों” की आलोचना की। उन्होंने लिखा, “संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटे में सात दावे किए, और सभी सात गलत थे। वे इन झूठों के सहारे युद्ध नहीं जीत सके और न ही बातचीत में कहीं पहुंच पाएंगे।”
यह भी पढ़ें – ‘हॉर्मुज जलमार्ग में खदानें बिछाने वाली नावों को नष्ट करो’, ट्रंप का अमेरिकी नौसेना को खुला आदेश
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने अमेरिकी नौसेना को निर्देश दिया है कि हॉर्मुज जलमार्ग में बारूदी सुरंग बिछाने की कोशिश करने वाली किसी भी नाव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी नावों को “बिना किसी हिचकिचाहट के मार गिराया जाए।” पूरी खबर पढ़ें….
