ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध को सात दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी इसके खत्म होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि जब तक ईरान पूरी तरह सरेंडर करने को तैयार नहीं होता, तब तक उससे कोई भी डील नहीं की जाएगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा कि हम ईरान के साथ कोई समझौता नहीं करने जा रहे हैं। उसे हर कीमत पर सरेंडर करना होगा। ट्रंप ने कहा कि जब ईरान सरेंडर कर देगा, उसके बाद वहां ऐसा नेतृत्व चुना जाएगा जिस पर सभी सहमत हों। इसके बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान को इस बर्बादी से उबारने में मदद करेंगे और उसे आर्थिक तौर पर मजबूत बनाएंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान का भविष्य बेहतरीन होगा और उसे फिर से मजबूत बनाया जाएगा।
इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप इसी बात को दोहरा चुके हैं। उन्होंने साफ कहा है कि ईरान से बातचीत की संभावना अब लगभग खत्म हो चुकी है। उनके मुताबिक अब काफी देर हो चुकी है। अमेरिका यहां तक कह रहा है कि वह इस युद्ध को लंबा खींच सकता है और आने वाले दिनों में बर्बादी बड़े स्तर पर देखने को मिल सकती है।
हाल ही में हिंद महासागर में अमेरिका ने एक ईरानी जहाज को भी डुबो दिया था। बताया जा रहा है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार टॉरपीडो का इस्तेमाल करते हुए इस तरह की कार्रवाई की गई। इस हमले में कई लोगों की मौत भी हुई।
फिलहाल एक तरफ अमेरिका और इज़राइल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं, तो दूसरी ओर ईरान भी पूरे मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इज़राइल के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। ईरान के दिवंगत सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ईरान ने भी इजरायल को चेतावनी दे डाली है। कहा गया है कि इज़राइल ने बहुत बड़ी गलती की है और अब उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
