अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने संभावित उत्तराधिकारी पर पहली बार निजी तौर पर बड़ा संकेत दिया है। द वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने हाल ही में ओवल ऑफिस में डोनर्स के साथ हुई एक निजी बैठक में कहा कि वह चाहते हैं कि उनके मौजूदा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 का राष्ट्रपति चुनाव जीतें।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बैठक में मौजूद लोगों के अनुसार ट्रंप ने कहा, “आखिरकार, हमें JD को चुनना होगा।” इस बयान के बाद अमेरिकी राजनीति में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या ट्रंप ने वेंस को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी चुन लिया है

क्या ट्रंप ने तय कर लिया है अपना उत्तराधिकारी?

हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ट्रंप ने अभी तक सार्वजनिक रूप से किसी एक उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया है। उनके कई करीबी सलाहकारों का मानना है कि राष्ट्रपति अभी भी जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।

बताया गया है कि हाल ही में मरीन वन की यात्रा के दौरान भी ट्रंप अपने स्टाफ से वेंस और रुबियो, दोनों के बारे में राय लेते रहे। इससे संकेत मिलता है कि अंतिम फैसला अभी पूरी तरह तय नहीं हुआ है।

निजी तौर पर वेंस के पक्ष में झुकाव?

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के एक करीबी सलाहकार का कहना है कि राष्ट्रपति निजी तौर पर वेंस को रिपब्लिकन पार्टी (GOP) का अगला चेहरा मान चुके हैं। हालांकि उनका मानना है कि अभी यह तय करना जल्दबाजी होगी कि वेंस कब अपनी उम्मीदवारी का ऐलान करेंगे या ट्रंप उन्हें कब फॉर्मल सपोर्ट देंगे।

दूसरी ओर, ट्रंप के कई अन्य सहयोगियों का कहना है कि ट्रंप अक्सर अलग-अलग लोगों से अलग बातें करते हैं और समय के साथ उनका रुख बदल भी सकता है। ऐसे में 2028 की उम्मीदवारी को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

जेडी वेंस ने नहीं खोले अपने पत्ते

रिपोर्ट के मुताबिक, जेडी वेंस ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह 2028 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे या नहीं। उनके करीबी लोगों का कहना है कि वह अपने चौथे बच्चे के जन्म के बाद इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहते थे। बता दें, उनके बच्चे का जन्म इसी साल 19 जुलाई को हुआ था।

जून में सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में वेंस ने कहा था कि वह मिडटर्म चुनावों के बाद अपनी पत्नी से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ट्रंप उनके किसी भी फैसले का समर्थन करेंगे। फिलहाल वेंस का कहना है कि उनका पूरा ध्यान उपराष्ट्रपति के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर है।

रिपब्लिकन पार्टी में बढ़ रही अंदरूनी हलचल

रिपोर्ट के अनुसार, 2028 की संभावित दावेदारी को लेकर रिपब्लिकन पार्टी के भीतर अभी से हलचल शुरू हो चुकी है। पार्टी के कई डोनर्स और नेताओं का झुकाव वेंस की ओर है, जबकि कुछ लोग मार्को रुबियो को बेहतर विकल्प मानते हैं।

बताया जा रहा है कि 2026 के मिडटर्म चुनावों का प्रदर्शन इस दौड़ पर बड़ा असर डाल सकता है। यदि रिपब्लिकन पार्टी उम्मीद से खराब प्रदर्शन करती है, तो ट्रंप के पसंदीदा उम्मीदवार को भी पार्टी के भीतर चुनौती मिल सकती है।

मार्को रुबियो भी बने हुए हैं मजबूत दावेदार

रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप लगातार मार्को रुबियो की भी तारीफ करते रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने कई बार संकेत दिया है कि भविष्य में वेंस और रुबियो की संयुक्त टिकट भी देखने को मिल सकती है।

हालांकि रुबियो सार्वजनिक रूप से 2028 की चर्चा से बचते रहे हैं। उनके करीबी लोगों का कहना है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान विदेश मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर है और उन्होंने किसी चुनावी अभियान की तैयारी शुरू नहीं की है।

2028 की तस्वीर अभी साफ नहीं

हालांकि ट्रंप के हालिया बयान से जेडी वेंस की दावेदारी मजबूत होती दिखाई दे रही है, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी में उत्तराधिकारी को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अगले दो वर्षों में राजनीतिक परिस्थितियां, मिडटर्म चुनावों के नतीजे और ट्रंप का अंतिम फैसला तय करेगा कि 2028 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार कौन होगा।

यह भी पढ़ें: बाल-बाल बचे ट्रंप! अमेरिकी राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर से टकराते-टकराते बचा विमान

मंगलवार को वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ले जा रहा एक सैन्य हेलीकॉप्टर एक यात्री विमान के काफी करीब से गुजरा। इस घटना में ट्रंप बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।