अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव और संभावित बातचीत को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की दिशा में ‘काफी प्रगति’ हुई है और अगले 48 घंटों में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने खुद अमेरिका से बातचीत की इच्छा जताई है और यदि तेहरान समझौता करता है तो यह उसके लिए ‘बहुत समझदारी भरा कदम’ होगा।

कैलिफोर्निया से लास वेगास रवाना होने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मेरा मानना है कि अगले 48 घंटों में हमें पता चल जाएगा कि आगे क्या होने वाला है।”

ट्रंप बोले- ईरान ने खुद बातचीत की पहल की

ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी अधिकारियों ने उनसे संपर्क कर बातचीत की इच्छा जताई। उन्होंने कहा, “उन्होंने मुझे फोन किया और कहा, ‘कृपया, आइए बात करते हैं।’ वे बातचीत करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि समझौता करना उनके लिए समझदारी होगी। अब देखना है कि आगे क्या होता है।”

हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह संपर्क किस स्तर पर हुआ, कब हुआ और संभावित समझौते की शर्तें क्या हो सकती हैं। फिलहाल ईरान की ओर से भी ट्रंप के इस दावे पर कोई ऑफिशियल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

होर्मुज जल मार्ग को लेकर भी दिया बड़ा बयान

इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान और ओमान के साथ चल रही बातचीत के तहत होर्मुज जल मार्ग जल्द ही फिर से पूरी तरह खुल सकता है। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर ईरान समझौते तक नहीं पहुंचता है तो उसे ‘बहुत कड़ी कार्रवाई’ का सामना करना पड़ सकता है।

ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। अगर उसने समझौता नहीं किया तो उसे कड़े परिणाम भुगतने होंगे और उसके बाद भी जल मार्ग खुल जाएगा।”

अंतरिम समझौते की चर्चा तेज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका, ईरान और ओमान के बीच एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में बातचीत चल रही है। इस समझौते का उद्देश्य क्षेत्र में तनाव कम करना और होर्मुज जल मार्ग में सामान्य आवाजाही बहाल करना है।

बताया जा रहा है कि पिछले महीने वॉशिंगटन और तेहरान के बीच हुए 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) के टूटने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था। ऐसे में नया अंतरिम समझौता दोनों देशों के बीच रिश्तों को स्थिर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

वेस्ट कोस्ट दौरे पर हैं ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों दो दिवसीय वेस्ट कोस्ट दौरे पर हैं। इस दौरान वे लॉस एंजिलिस और लास वेगास में अपने आर्थिक एजेंडे को बढ़ावा देने, टैक्स कटौती योजना (वर्किंग फैमिली टैक्स कट्स) का प्रचार करने और नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों के लिए प्रचार अभियान चला रहे हैं।

48 घंटे पर टिकी नजर

हालांकि उनके इस दौरे के बीच ईरान को लेकर दिए गए बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। अब दुनिया की नजर अगले 48 घंटों पर टिकी है कि क्या वास्तव में अमेरिका और ईरान के बीच कोई नई कूटनीतिक पहल सामने आती है या दोनों देशों के बीच तनाव पहले की तरह बना रहता है।

यह भी पढ़ें: ट्रंप की इमिग्रेशन नीति ने मचाया बवाल, अमेरिकी सेना के जवानों के परिवारों पर शिकंजा

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त इमिग्रेशन नीति का असर अब सेना से जुड़े परिवारों पर भी दिखाई देने लगा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सक्रिय ड्यूटी पर तैनात 50 से अधिक अमेरिकी सैनिकों के माता-पिता और जीवनसाथियों को हिरासत में लिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।