अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने की घोषणा की। डोनाल्ड ट्रप ने कहा कि जब तक बातचीत जारी है, युद्धविराम बढ़ाया जा रहा है। ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान को एकतरफा करार दिया है और युद्धविराम बढ़ाने से इनकार किया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान की अपील करने पर ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाया जा रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि वर्तमान में ईरान की सरकार पूरी तरह बिखर चुकी है।
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की अपील और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की प्रार्थना के कारण ईरान पर तब तक हमला नहीं करेंगे जब तक वे एक आम सहमति वाला प्रस्ताव पेश न कर दें। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी सेना से ईरान की नाकाबन्दी जारी रखने के लिए कहा है।
ईरान ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस सीजफायर ऐलान से इनकार किया है। ईरानी संसद स्पीकर के सलाहकार महदी मोहम्मदी ने ट्रंप के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। उन्होंने जोर देकर बोला है कि वर्तमान स्थिति में ट्रंप का सीजफायर एक्सटेंशन कोई मायने नहीं रखता है। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि जो हार रहे होते हैं, उनके पास शर्तें थोपने का अधिकार नहीं होता।
एक तरफ ईरान इस सीजफायर को नहीं मान रहा, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान की सरकार ने राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है। पीएम शहबाज ने कहा कि मैं राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने हमारी अपील पर सीजफायर बढ़ाने का फैसला किया और कूटनीतिक रास्ते पर आगे बढ़ने पर सहमति जताई। शहबाज ने आगे कहा कि जिस प्रकार से पाकिस्तान पर भरोसा जताया गया है, हम पूरी शिद्दत के साथ बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे और एक मजबूत शान्ति समझौता लेकर आएंगे।
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धविराम बढ़ाने की घोषणा करने के बाद अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वैंस ने अपनी पाकिस्तान यात्रा रद्द कर दी। वैंस ईरान के संग पहले दौर की बातचीत में अमेरिकी प्रतिनिधि मण्डल का नेतृत्व कर रहे थे। दूसरे दौर की बातचीत के लिए वैंस बुधवार को पाकिस्तान पहुँचने वाले थे।
