अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से वैश्विक बाजार के लिए डीजल की आपूर्ति शुरू करने की घोषणा की है। इस फैसले से रूस के ऊर्जा निर्यात पर दबाव बनाने की अमेरिकी नीति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ट्रंप का दावा है कि इस कदम से डीजल की रिकॉर्ड ऊंची कीमतों को कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि, आलोचकों का कहना है कि इससे रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध जारी रखने के लिए आर्थिक मदद मिल सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के बाद यह घोषणा की। ट्रंप के मुताबिक, रूस तत्काल 3 लाख टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके बाद नवंबर में 5 लाख टन और फिर 10 लाख टन डीजल दिया जाएगा। रिफाइनरियों की स्थिति के आधार पर आगे 30 लाख टन डीजल की आपूर्ति भी की जा सकती है।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने इसके बाद विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) को रूसी डीजल की वैश्विक बाजार में आपूर्ति की अनुमति देने के लिए अस्थायी सामान्य लाइसेंस जारी करने का निर्देश दिया। मंत्रालय के मुताबिक, प्रतिबंधों के दायरे में आने वाले संबंधित लेनदेन को 7 अप्रैल तक, लगभग छह महीने के लिए अनुमति दी जाएगी।
अमेरिकी प्रतिबंध नीति पर उठे सवाल
ट्रंप के इस फैसले की इसलिए आलोचना हो रही है, क्योंकि अमेरिका ने हाल ही में रूस के तेल कारोबार पर दबाव बढ़ाने के लिए कदम उठाए थे। तीन सप्ताह पहले ही ट्रंप ने Lindsey O. Graham Sanctioning Russia and Iran Act of 2026 पर हस्ताक्षर किए थे। इस कानून के तहत रूस से कच्चा तेल या गैस खरीदने वाले प्रमुख देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का अधिकार राष्ट्रपति को दिया गया है।
कैटो इंस्टीट्यूट के उपाध्यक्ष स्कॉट लिंसिकोम ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सवाल उठाया कि जब कांग्रेस ने रूस के तेल और गैस के बड़े खरीदारों पर टैरिफ लगाने का अधिकार दिया है, तो क्या अमेरिका खुद अपने फैसले पर टैरिफ लगा सकता है?
सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने भी कहा कि रूस के तेल पर प्रतिबंधों में ढील देना कांग्रेस के द्विदलीय प्रतिबंध कानून की मंशा के विपरीत है।
रिपब्लिकन सांसद माइकल मैककॉल ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतें घटाने की जरूरत को वह समझते हैं, लेकिन रूसी तेल पर प्रतिबंध हटाने से क्रेमलिन की युद्ध मशीन को आर्थिक मदद मिल सकती है और हिंसा बढ़ सकती है।
रूस के हित में है फैसला- जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रूस के साथ तनाव कम करने के लिए स्पष्ट और स्थायी समझौते के बिना प्रतिबंधों में ढील देना रूस के हित में है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस को पेट्रोलियम उत्पाद बेचने की अनुमति देना उस युद्ध में निवेश करने जैसा है, जिसे खत्म किया जाना चाहिए, न कि लंबा खींचा जाना चाहिए। उन्होंने अमेरिका से यूक्रेन की रक्षा के लिए समर्थन जारी रखने और रूस के साथ मजबूती से बातचीत करने की अपील की।
दूसरी ओर, रूसी राष्ट्रपति के आर्थिक दूत किरिल दिमित्रीव से जुड़े एक एक्स अकाउंट ने कहा कि रूस और अमेरिका के बीच डीजल और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग से दुनिया को फायदा होगा।
पहले रूस से तेल खरीदने पर ट्रंप ने की थी आलोचना
यह फैसला ट्रंप के पहले के बयानों से भी अलग दिखाई देता है। सितंबर 2025 में उन्होंने नाटो सहयोगियों की रूस से तेल खरीदने के लिए आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि रूस से तेल खरीदने से उसके खिलाफ बातचीत में देशों की स्थिति और सौदेबाजी की ताकत कमजोर होती है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी ट्रंप ने रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वे रूस से ऊर्जा खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से अपने ही खिलाफ चल रहे युद्ध को वित्तीय मदद दे रहे हैं।
इससे पहले ट्रंप प्रशासन ने ईरान युद्ध के बाद ऊर्जा बाजार को स्थिर करने के लिए प्रतिबंधित रूसी तेल की उन खेपों की खरीद पर सीमित अवधि की छूट दी थी, जो पहले से समुद्र में परिवहन के दौरान थीं। हालांकि, ताजा फैसला इससे व्यापक माना जा रहा है। हालांकि, मुख्य सवाल यह है कि क्या रूसी डीजल की आपूर्ति से अमेरिकी बाजार में कीमतें कम होंगी और यदि ऐसा होता है, तो इसका रूस पर आर्थिक दबाव तथा यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों पर क्या असर पड़ेगा।
‘अमेरिका से नफरत करने वाली’, नावी पिल्लई को नोबेल मिलने से तिलमिलाए ट्रंप, ICC पर भी लगाया प्रतिबंध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। वर्ष 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाली इंटरनेशनल ज्यूरिस्ट नावी पिल्लई को निशाना बनाते हुए ट्रंप ने अपने पूर्व महाभियोग वकील डेविड शॉन की एक पोस्ट रीपोस्ट की। इस पोस्ट में पिल्लई को ‘अमेरिका और इजरायल से नफरत करने वाली’ बताया गया। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब ट्रंप प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। पढ़ें पूरी खबर।
