PM Narendra Modi UAE Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को यूएई के दौरे पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही पीएम मोदी अबू धाबी पहुंचे, वहां के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायेद अल नाहया से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत की मदद करने के लिए यूएई का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत, यूएई के साथ मिलकर काम करेगा और शांति, स्थिरता और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पश्चिम एशिया युद्ध पर बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। पीएम मोदी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की भी वकालत की। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे समय में यह जरूरी हो गया है कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन किया जाए।

यूएई पर हुए हमलों की निंदा करते हैं- मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, ” इस मुश्किल समय में भारत यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा। भारत की तरफ से हर संभव मदद दी जाएगी।” यूएई की स्थिति को लेकर भी पीएम मोदी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यूएई पर जिस तरह के हमले किए गए, भारत उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता है। किसी भी देश को निशाना बनाना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की एकता और स्थिरता बनाए रखने के लिए यूएई ने जो कदम उठाए हैं, भारत उसका स्वागत करता है। मुश्किल समय में यूएई में रह रहे भारतीयों की जिस तरह देखभाल की गई, उन्हें अपना माना गया, हम इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का व्यापक असर पूरी दुनिया पर देखने को मिल रहा है और भारत हमेशा शांति का पक्षधर रहा है।

यूएई-भारत में अहम समझौते

भारत और यूएई के बीच सामरिक और रक्षा साझेदारी के तहत कई समझौते हुए हैं। पेट्रोलियम रिजर्व और एलपीजी सप्लाई को लेकर भी सहमति बनी है। गुजरात के वाडनगर में शिप रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने के लिए भी समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके अलावा, RBL बैंक और सम्मान कैपिटल में 5 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का ऐलान भी किया गया है।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस का पीएम मोदी पर वार