सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बृहस्पतिवार को कई धमाकों की आवाज सुनी गई। इसके बाद भारतीय दूतावास ने वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने भारतीय समुदाय से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि सभी लोग घरों के अंदर रहें।
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से सऊदी अरब में चल रही घटनाओं से संबंधित किसी भी वीडियो या समाचार को सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने की अपील भी की है।
दूतावास के मुताबिक, रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास एक्टिव हैं। जरूरत के मुताबिक, भारतीय मिशन की ओर से आगे भी एडवाइजरी और अपडेट जारी किए जाएंगे।
दूतावास ने कहा है कि हम उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। भारत ने कहा है कि हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ खड़े हैं।
भारत ने की हमलों की निंदा
भारत ने सऊदी अरब के अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की घटनाओं की कड़ी निंदा की है। हालिया घटनाक्रम के बीच भारत सरकार और भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दूतावास ने कहा कि उसकी 24×7 प्रवासी हेल्पलाइन 8002471234 नंबर पर उपलब्ध है।
रियाद में बृहस्पतिवार को किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास भी बड़ा बम धमाका हुआ। धमाकों की वजह से रियाद से आने-जाने वाली हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है। एयर इंडिया और लुफ्थांसा ने रियाद से संबंधित कुछ उड़ानों को 10 अक्टूबर और 16 अक्टूबर तक रद्द किया है।
हूती विद्रोहियों ने ली हमले की जिम्मेदारी
हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया था। हूती विद्रोहियों ने हाल के दिनों में सऊदी अरब में एयरपोर्ट, मिलिट्री सुविधाओं और तेल के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का दावा किया है।
हमलों में तीन लोगों की मौत
सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हूती विद्रोहियों द्वारा किंग खालिद एयरपोर्ट और अबहा एयरपोर्ट पर किए गए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए हमले में सूडान के एक नागरिक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए जबकि अबहा एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोरक्को और अल्जीरिया के लोगों की मौत हुई और 28 लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- कौन हैं हूती विद्रोही?
हूती यमन के अल्पसंख्यक शिया जैदी समुदाय का एक हथियारबंद समूह है। यह समुदाय मुख्य रुप से देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में रहता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
