पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा पट्टी के 70 प्रतिशत हिस्से पर सैन्य नियंत्रण हासिल करने की योजना की घोषणा की है। यह पिछले साल अक्टूबर में इजरायल और हमास के बीच हुए युद्धविराम की शर्तों के विपरीत है।

कब्जे वाले वेस्ट बैंक में आयोजित एक सम्मेलन में इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा, “हम वर्तमान में हमास पर दबाव बना रहे हैं। अब हम पट्टी के 60 प्रतिशत क्षेत्र पर कंट्रोल रखते हैं। आप जानते हैं, हम 50 प्रतिशत पर थे, फिर 60 प्रतिशत पर पहुंच गए। मेरा निर्देश है कि हम 70 प्रतिशत तक पहुंचें।”

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, सम्मेलन में मौजूद एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा कि इजरायल को गाजा के 100 प्रतिशत क्षेत्र पर कब्जा कर लेना चाहिए, जिस पर नेतन्याहू ने जवाब देते हुए कहा, “हम क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे। पहले 70 प्रतिशत, हम उससे शुरुआत करेंगे।”

गाजा के आधे से ज्यादा हिस्से पर इजरायल का कंट्रोल

इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते के अगले चरण को लेकर अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है। इसमें हमास द्वारा हथियार छोड़ना और गाजा से इजरायली सैनिकों की वापसी शामिल है। युद्धविराम के बावजूद इजरायल अभी भी गाजा के आधे से ज्यादा हिस्से पर कंट्रोल रखता है, जबकि हमास तटीय क्षेत्र के एक छोटे से हिस्से पर अपना अधिकार रखता है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि युद्धविराम लागू होने के बाद से इजरायली हमलों में लगभग 900 फिलिस्तीनी मारे गए हैं।

महीनों तक चले युद्ध, बार-बार किए गए हवाई हमलों और जमीनी हमलों के बाद गाजा के बड़े हिस्से पहले ही तबाह हो चुके हैं। इजरायल और हमास के बीच अक्टूबर 2025 में हुए युद्धविराम समझौते के तहत, इजरायली सेना येलो लाइन के नाम से जानी जाने वाली सैन्य सीमा तक पीछे हट गई थी।

लेकिन हमास ने इस हफ्ते की शुरुआत में इजरायल पर चुपचाप उस रेखा को एन्क्लेव में और गहराई तक ले जाने का आरोप लगाया था। फिलिस्तीनी समूह ने कहा कि यह कदम युद्धविराम समझौते को स्पष्ट और लगातार कमजोर करता है। हमास ने यह भी चेतावनी दी कि सैन्य नियंत्रण बढ़ाने से तनाव कम करने की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म हो जाएंगी। इजरायली सरकार का तर्क है कि हमास को कमजोर करने और भविष्य में होने वाले हमलों को रोकने के लिए सैन्य दबाव जरूरी है।

नेतन्याहू को अपने जिंदा होने का सबूत देने के लिए तीन वीडियो क्यों जारी करने पड़े?

12 मार्च को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई कि नेतन्याहू की 6 उंगलियां हैं। यह दावा किया गया कि अगर नेतन्याहू की छह उंगलियां हैं तो यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है और अगर वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है तो उनकी मौत हो चुकी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…