अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए याद दिलाया कि समय तेजी से बीत रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास ज़्यादा समय नहीं बचा है और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की 6 अप्रैल की समयसीमा नजदीक आ रही है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में अमेरिकी सेना की बड़ी तैनाती की खबरें सामने आ रही हैं। साथ ही, इलाके में जमीनी हमले की आशंका भी जताई जा रही है। अमेरिका का कहना है कि अगर तय समय तक जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, “याद है जब मैंने ईरान को कोई समझौता करने या होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए दस दिन का समय दिया था? समय तेजी से बीत रहा है। 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा। ईश्वर की महिमा हो! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप।”
पिछले महीने डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अगर तेहरान जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोलता है, तो वह ईरान के बिजली संयंत्रों, तेल के कुओं, विलवणीकरण संयंत्रों (Desalination Plants) और खरग द्वीप को निशाना बनाएंगे, जो तेहरान के तेल निर्यात का 90 प्रतिशत हिस्सा संभालता है। उनका दावा था कि इन लक्ष्यों पर अब तक जानबूझकर हमले नहीं किए गए हैं।

फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित यह जलमार्ग युद्ध शुरू होने से पहले वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा था। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद ईरान ने होर्मुज जलमार्ग को अवरुद्ध कर दिया, जिससे वैश्विक ऊर्जा संकट उत्पन्न हो गया।
शनिवार को इससे पहले ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान ने शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया है। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी वार्ता का परिणाम संघर्ष का निर्णायक और स्थायी समाधान होना चाहिए। अमेरिका ने पाकिस्तान के माध्यम से तेहरान को 15 सूत्री शांति प्रस्ताव भेजा था। तेहरान ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और अपनी मांगों की एक सूची रखी।
इस सप्ताह तनाव कम करने के उद्देश्य से इस्लामाबाद ने सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी की, लेकिन तेहरान ने कहा कि उसने बैठकों में भाग नहीं लिया। ईरान ने यह भी कहा कि अमेरिकी शांति प्रस्ताव में रखी गई मांगें “अत्यधिक और अनुचित” हैं।
ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका अपने सैन्य उद्देश्यों को “बहुत जल्द” पूरा करने की राह पर है। जिससे यह संकेत मिलता है कि युद्ध “दो से तीन सप्ताह” तक चल सकता है। उन्होंने आगे कहा कि हम उन्हें वापस पाषाण युग में ले जाएंगे,जहां वे रहने लायक हैं।”
‘ट्रंप से ज्यादा हमारे पास सुरक्षित है आपका बेटा’, अमेरिकी पायलट मां को ईरान का संदेश
ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका के दो फाइटर जेट मार गिराए। इसमें एक था F-15 फाइटर जेट और दूसरा A-10 अटैक एयरक्राफ्ट। इस घटना में एक पायलट को बचा लिया गया है। जबकि दूसरे पायलट का अभी कोई अता-पता नहीं है। पढ़ें पूरी खबर।
