Nepal News: नेपाल के काठमांडू में रविवार को सैकड़ों लोग सरकार द्वारा पुनर्वास योजना के बिना अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने के कदम के विरोध में सड़कों पर उतर आए। संयुक्त राष्ट्रीय भूमिहीन मोर्चा के आह्वान पर आयोजित यह प्रदर्शन काठमांडू में सिंहदरबार सचिवालय के सामने स्थित मैतीघर मंडला में हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने गरीबों पर अत्याचार बंद करो, मानवाधिकारों का सम्मान करो, अवैध गिरफ्तारियां बंद करो और भूमिहीन झुग्गीवासियों को आश्रय दो जैसे नारे लिखी तख्तियां हाथों में ले रखी थीं। इस बीच, काठमांडू के कीर्तिपुर स्थित सरकार के एक अस्थायी आवास केंद्र में शुक्रवार रात आई बाढ़ से पानी भर गया। इसके बाद सुरक्षाबलों की मदद से वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहां करीब 150 भूमिहीन झुग्गीवासी रह रहे थे।

पुलिस ने युवा कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज

घटना की जानकारी लेने के लिए ‘जेन जी‘ से जुड़े युवा कार्यकर्ता शनिवार को वहां पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक कार्यकर्ता के चेहरे पर चोट लगी, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

26 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन कुमार थापा ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई और गिरफ्तार लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की। उधर, कोशी प्रांत में मोरांग जिला पुलिस कार्यालय के मेन गेट पर ‘जेन जी’ कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में धरना दे रहे 26 लोगों को भी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

अप्रैल में भी बालेन सरकार ने की थी कार्रवाई

इससे पहले अप्रैल में सरकार ने काठमांडू घाटी सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में भूमिहीन लोगों की झुग्गियां और अन्य अस्थायी ढांचे हटाकर उन्हें बेदखल कर दिया था। इस कार्रवाई से 2600 परिवारों के 15000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे। इनमें से 325 परिवार काठमांडू के विभिन्न हिस्सों में बनाए गए अस्थायी आवास केंद्रों में रह रहे थे। सरकार ने दो जुलाई को भूमिहीन झुग्गीवासियों को छह जुलाई तक इन अस्थायी आवास केंद्रों को खाली करने का निर्देश दिया था।

बता दें कि ‘जेन जी’ का विरोध प्रदर्शन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व वाली सरकार के लिए एक मुश्किल चुनौती साबित हो सकता है। उन्होंने खुद इन्हीं युवाओं के समर्थन से सत्ता हासिल की थी।

यह भी पढ़ें: ‘भारत और नेपाल ने एक-दूसरे के इलाकों पर कब्जा कर रखा है’, बालेन शाह ने किया दावा

नेपाली पीएम ने कहा, “हाल ही में उन्हें इस बात की जानकारी मिली है कि नेपाल ने भी भारत के कई इलाकों पर कब्जा कर रखा है, और भारत ने भी नेपाल के इलाकों पर कब्जा कर रखा है।” उन्होंने नेपाल की संसद में लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए ये बातें कहीं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…