कनाडा में एडमंटन के एक गुरुद्वारे के अंदर 27 साल के शख्स ने दो लोगों पर पेचकस से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हमले से ठीक एक दिन पहले ही जेल से रिहा किया गया था और वह हिंसक अपराधों में शामिल रहा है।
यह घटना शुक्रवार, 21 अगस्त की सुबह एडमंटन के नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख टेंपल में हुई। यहां बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग अरदास करने के लिए आते हैं।
एडमंटन पुलिस सेवा (ईपीएस) ने बताया कि आरोपी गुरुद्वारे में आया और उसने दरबार हॉल में जाने की कोशिश की लेकिन गुरुद्वारे के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपी ने 75 एवं 51 वर्ष के दो लोगों पर हमला कर दिया।
गुरुद्वारे में हो रही थी अरदास
‘सीबीसी न्यूज’ की खबर के अनुसार, नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख टेंपल के उपाध्यक्ष जोरा ग्रेवाल ने कहा कि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के समय गुरुद्वारे में सुबह की अरदास हो रही थी और कई लोग मौजूद थे।
ग्रेवाल ने कहा कि इस घटना में घायल हुए लोगों में से एक व्यक्ति गुरुद्वारे का ग्रंथी और दूसरा शख्स वहां लंबे समय से सेवा कर रहा है। ग्रेवाल ने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर मौजूद लोगों ने जब हमलावर को बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने उन पर भी हमला कर दिया।
ग्रेवाल ने बताया कि आरोपी ने ग्रंथी पर पेचकस से कई बार वार किए और इसके बाद बुजुर्ग स्वयंसेवक पर भी हमला किया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद गुरुद्वारे में पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। जांचकर्ताओं ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
मार्क कार्नी ने की घटना की निंदा
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे क्या मकसद था। पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह हमला धार्मिक नफरत के कारण किया गया? कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने घटना की निंदा की और सिख समुदाय के प्रति संवेदना जताई। एडमंटन के मेयर एंड्रयू नॉक ने भी घटना पर चिंता जताई है।
एडमंटन पुलिस के अफसर एरिक स्टीवर्ट ने बताया कि आरोपी की उम्र 27 साल है और वह 2015 से ही हिंसक वारदात को अंजाम देता रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को 20 अगस्त को ही रिहा किया गया था।
यह भी पढ़ें- कनाडा में भारतीय छात्रों के वर्क परमिट पर संकट
कनाडा में भारतीय छात्र लगभग एक महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि उनके पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट (PGWP) आवेदनों को अस्वीकार कर दिया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
