11 भारतीय मछुआरे श्रीलंकाई नौसेना की गिरफ्त में, नौकाएं भी ज़ब्त की
नौसेना के अनुसार मछुआरे जाफना के डेल्फ्ट द्वीप के तट के उत्तरपश्चिम में श्रीलंका की समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे।

श्रीलंका की नौसेना ने कम से कम 11 भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया है और उनकी नौकाएं जब्त कर ली हैं। श्रीलंका की नौसेना ने रविवार (20 नवंबर) को यहां बताया कि तमिलनाडु के रामेश्वरम के इन मछुआरों को शनिवार (19 नवंबर) को गिरफ्तार किया गया। वे नेदुनतीवू द्वीप के समीप मछली पकड़ रहे थे। नौसेना के अनुसार मछुआरे जाफना के डेल्फ्ट द्वीप के तट के उत्तरपश्चिम में श्रीलंका की समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे। शनिवार रात रामेश्वरम से करीब 3500 मछुआरे मछली पकड़ने के लिए 634 नौकाओं से समुद्र में गए थे।
तमिलनाडु पुलिस और राज्य यांत्रिक नौका मछुआरे एसोसिएशन के नेता पी सेसुराजा ने बताया कि ग्यारह मछुआरों को पकड़ लिया गया और उन्हें उनकी दो नौकाओं के साथ कांगेसानथुरई ले जाया गया। नौसेना के अनुसार नौसैनिकों ने कथित तौर पर बोतलें और पत्थर फेंककर और सार्वजनिक संबोधन प्रणाली से चेतावनी देकर सैकड़ों अन्य मछुआरों को वहां से खदेड़ दिया। चार नवंबर को नई दिल्ली में सघन मंत्री स्तरीय वार्ता में भारत और श्रीलंका ने हर तीन महीने पर बैठक के लिए मत्स्यिकी पर संयुक्त कार्यबल गठित करने और हर छह महीने पर मत्स्यिकी मंत्रालयों की बैठक करने का फैसला किया था ताकि इस मछुआरों के इस भावनात्मक मुद्दे का हल ढूंढा जा सके।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।