श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे और विपक्षी सांसद नमल राजपक्षे को मंगलवार (3 नवंबर) को रिश्वतखोरी के एक मामले में जमानत मिल गई। कोलंबो मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उनके माता-पिता की खराब सेहत को विशेष परिस्थिति मानते हुए यह राहत दी। हालांकि, उन्हें अभी जेल से रिहा नहीं किया जाएगा, क्योंकि एयरबस विमान सौदे से जुड़े रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में वह न्यायिक हिरासत में रहेंगे।

नमल राजपक्षे को 29 सितंबर को एक भारतीय कंपनी से जुड़े होटल प्रोजेक्ट में कथित रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उन्होंने 2013 में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दिलाने में मदद करने के बदले 7 करोड़ श्रीलंकाई रुपये (करीब 2.10 लाख अमेरिकी डॉलर और करीब 2 करोड़ भारतीय रुपये) की रिश्वत ली थी। इस मामले में ‘क्रिश होटल्स’ की चेयरपर्सन जानकी सिरिवर्धना को भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर कई बार नमल को रिश्वत देने का आरोप है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं।

होटल प्रोजेक्ट में राजनीतिक रसूख के इस्तेमाल का आरोप

अभियोजन पक्ष का आरोप है कि महिंदा राजपक्षे के राष्ट्रपति रहने के दौरान नमल एक प्रभावशाली नेता थे और उन्होंने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करके होटल प्रोजेक्ट से जुड़ी मंजूरियां जल्द दिलाने में मदद की। 750 मिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की लागत वाला यह होटल प्रोजेक्ट फिलहाल अटका हुआ है।

होटल प्रोजेक्ट के पैसों से रग्बी टूर्नामेंट कराने का आरोप

नमल राजपक्षे अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी भी रह चुके हैं। साल 2016 में उनसे इस प्रोजेक्ट से जुड़े फंड के कथित दुरुपयोग को लेकर पूछताछ हुई थी। आरोप था कि होटल प्रोजेक्ट के लिए आए पैसों का इस्तेमाल रग्बी को बढ़ावा देने के लिए किया गया। हालांकि, नमल ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि यह रकम 2014 में कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रग्बी सेवन्स टूर्नामेंट के लिए स्पॉन्सरशिप के तौर पर मिली थी।

एयरबस विमान सौदे में भी रिश्वतखोरी का आरोप

दूसरी ओर, नमल राजपक्षे को श्रीलंकाई एयरलाइंस के लिए एयरबस विमानों की खरीद से जुड़े कथित रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी हिरासत में रखा गया है। उन्हें 4 सितंबर को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच करने वाली एजेंसी (CIABOC) ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में उन पर विमानों की खरीद के दौरान करीब 10 करोड़ श्रीलंकाई रुपये (लगभग 3 लाख अमेरिकी डॉलर) की कथित रिश्वत से जुड़े होने का आरोप है।

19 नवंबर को हाई कोर्ट में होगी अगली सुनवाई

यह मामला मजिस्ट्रेट कोर्ट से कोलंबो हाई कोर्ट की स्थायी ट्रायल बेंच में भेज दिया गया है। 28 अक्टूबर को नमल को हाई कोर्ट में पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर को पेश करने का निर्देश दिया है। नमल राजपक्षे श्रीलंका की श्रीलंका पोदुजना पेरामुना (SLPP) पार्टी के सांसद हैं।

राजपक्षे परिवार ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक बदला

गौरतलब है कि राजपक्षे परिवार और उनके राजनीतिक सहयोगी पहले भी परिवार के सदस्यों के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताते रहे हैं। वहीं, श्रीलंका सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी कार्रवाई का बचाव किया है।

यह भी पढ़ें: KPSC भर्ती घोटाले में ED का बड़ा खुलासा, आंसर-की लीक कर वसूली रिश्वत, 35 करोड़ रुपये से बनवा रहे थे ड्रीम प्रोजेक्ट

कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) के गिरफ्तार चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहूकार अपने गृहनगर में 35 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ा कॉम्प्लेक्स बनवा रहे थे। इस कॉम्प्लेक्स में स्कूल, हॉस्टल, खेल का मैदान, मॉल और कन्वेंशन हॉल बनाने की योजना थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।