ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ऐलान किया है कि उनकी सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के विकल्पों पर विचार कर रही है। उनका कहना है कि इस तरह के फैसलों से बच्चों पर सोशल मीडिया के पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम किया जा सकता है।

जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था। इसके बाद यूरोप समेत दुनिया के कई देशों में भी इसी तरह के कदमों पर चर्चा शुरू हुई। हाल ही में कनाडा में भी बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर नियमों को और सख्त बनाने की बात कही गई है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि इस तरह के फैसले लेना कभी आसान नहीं होता। उनके मुताबिक, बड़ी टेक कंपनियों की ओर से भी काफी दबाव रहता है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को लेकर कीर स्टार्मर ने कहा कि कई माता-पिता ने उन्हें बताया है कि उनके बच्चे स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के आदी हो चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में बच्चों को ऐसी दुनिया में बड़ा होना पड़ रहा है, जहां तकनीक उनकी जिंदगी के लगभग हर हिस्से में दखल दे रही है। उन्होंने कहा, “मैं इसे ऐसे ही जारी नहीं रहने दे सकता। मैं बच्चों को उनका बचपन वापस लौटाना चाहता हूं।”

ब्रिटेन सरकार हाल के दिनों में टेक कंपनियों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है। सरकार का कहना है कि उम्र सत्यापन के नियमों को और सख्त किया जाना चाहिए। इसके साथ ही इस बात पर भी जोर दिया जा रहा है कि बच्चों को किसी भी प्रकार की अश्लील या हानिकारक सामग्री न दिखाई जाए।

ब्रिटेन सरकार ऑनलाइन वीडियो शेयरिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को लेकर भी नए नियमों पर विचार कर रही है। वहां भी कई तरह के प्रतिबंध लगाने पर विचार हो रहा है और कंपनियों को कड़े सुरक्षा मानकों का पालन करना पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट