खाड़ी क्षेत्र के हालात को देखते हुए पाकिस्तानी हिंदुओं ने सादगी से होली मनाने का आह्वान किया है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की अपील के अनुसार, ईरान पर हुए हमलों के बाद क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए पाकिस्तानी हिंदुओं ने रविवार को होली का त्योहार सादगी से मनाने की घोषणा की। रंगों का त्योहार होली 4 मार्च को मनाया जाएगा।

पाकिस्तान हिंदू परिषद के संरक्षक प्रमुख डॉ रमेश कुमार वंकवानी ने बताया कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हिंदू समुदाय से इस साल होली सादगी से मनाने का आग्रह किया है। अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय सभा के प्रमुख सदस्य डॉ वंकवानी ने एक बयान में राष्ट्रपति के संदेश को सही और जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा, “क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए राष्ट्रपति की अपील में बड़े सार्वजनिक समारोहों को सीमित करने का आह्वान किया गया है।”

पाकिस्तान में हिंदू सादगी से मनाएंगे होली

वंकवानी ने इस बात पर जोर दिया कि मौजूदा गंभीर परिस्थितियों में राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। राष्ट्रपति की अपील के बाद, वंकवानी ने पाकिस्तान हिंदू परिषद को देश भर में वार्षिक होली समारोह की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने समुदाय के प्रतिनिधियों से सावधानी बरतने, बड़े पैमाने पर सार्वजनिक कार्यक्रमों से बचने और स्थानीय अधिकारियों को पूरा सहयोग देने का भी आग्रह किया।

ईरान को निशाना बनाकर किए जा रहे अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में अब तक कम से कम 555 लोग मारे गए हैं। ईरानियन रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने सोमवार को यह जानकारी दी। संस्था ने कहा कि अब तक 131 शहर हमले की चपेट में आ चुके हैं।

पाकिस्तान में स्कूल बंद

पाकिस्तान में ड्रोन हमले के बाद अफगानिस्तान की सीमा से लगे जिलों में 50 से अधिक स्कूल बंद रहे। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक स्कूल पर ड्रोन हमले के बाद सोमवार को अफगानिस्तान की सीमा से लगे जिलों के 50 से अधिक शिक्षण संस्थान बंद रहे। यह घटना मोहम्मंद जिले की ग़लानाई तहसील में गवर्नर मॉडल हाई स्कूल की इमारत से टकराने के बाद घटी।

US-Israel Iran War LIVE Updates