व्हाइट हाउस संवाददाताओं के डिनर समारोह के दौरान गोलियां चलने की खबर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि वॉशिंगटन हिल्टन होटल में एक हाई प्रोफाइल कार्यक्रम का आयोजन हुआ था, उसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी पहुचे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस समय राष्ट्रपति ट्रंप डिनर टेबल पर बैठे थे, वहां गोलियां चलनी शुरू हो गईं। फायरिंग के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और ट्रंप को वहां से बाहर निकाला गया। घटना का एक वीडियो भी वायरल है जहां कई लोग डिनर टेबल के नीचे ही छिपे दिखाई दे रहे हैं। कई लोग गोलीबारी के बाद डर के माहौल में इधर-उधर भागते हुए भी दिखाई दिए। कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट उन लोगों में शामिल थे।

सुरक्षाकर्मियों ने एक संदिग्ध हमलावर को मौके पर ही मार दिया है। इस घटना को अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा में एक बड़ी सेंधमारी के रूप में देखा जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा, ” वॉशिंगटन डीसी में यह एक अलग तरह की शाम रही। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बेहतरीन काम का नमूना पेश किया है। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए हमलावर को ठीक समय पर पकड़ लिया। मैंंने इस कार्यक्रम को आगे भी जारी रखने की सिफारिश की है, अंतिम फैसला तो एजेंसियों को लेना है। इतना जरूर लगता है कि अब यह कार्यक्रम पहले से कुछ अलग तरह से आयोजित करना पड़ेगा।”

इससे पहले भी ट्रंप पर फायरिंग की कोशिश हो चुकी है। चुनाव प्रचार के दौरान भी उन पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई थी।