यूक्रेन के हवाई हमलों के जवाब में रूस ने बुधवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव और करीब एक दर्जन अन्य जगहों पर एयरस्ट्राइक की जिसमें 11 नागरिकों की मौत हो गई है और 40 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। इन हमलों की पुष्टि राष्ट्रपति जेलेंस्की की ओर से की गई है। अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि इन हमलों में मारे गए लोगों में 3 बच्चे भी शामिल हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को कहा कि रूस ने रातभर यूक्रेन के कई हिस्सों पर मिसाइलें और ड्रोन से हमले किए। रूस ने इन हमलों में रिहायशी इमारतों, इंडस्ट्रियल कॉम्पलैक्स और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। जेलेंस्की ने अपने X अकाउंट से एक वीडियो भी शेयर किया है।

बहुत ही घातक था यह हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन की एयर फोर्स ने बताया है कि रूस ने रातभर के हमले में 130 ड्रोन, 48 क्रूज मिसाइल और कई बैलिस्टिक मिसाइलें यूक्रेन के अलग-अलग शहरों में दागी हैं। हालांकि एयरफोर्स ने इनमें से 161 हवाई लक्ष्यों को नष्ट करने या मार गिराने का दावा किया है।

खुफिया एजेंसियां को था हमले का इनपुट

बता दें कि राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक दिन पहले यह कहा था कि हमें खुफिया एजेंसियों के हवाले से यह जानकारी मिली है कि रूस एक ‘बड़े’ हमले की तैयारी कर रहा है। हालांकि यूक्रेन को हमले की जानकारी थी, लेकिन वह इसे पूरी तरह रोक नहीं सका। हमले में हुई मौतें और तबाही यूक्रेन के लिए रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों और हाल में इस्तेमाल किए जा रहे जेट इंजन से चलने वाले नए ड्रोन का मुकाबला करने की चुनौती को दर्शाती हैं।

राजधानी कीव के अलावा और कहां-कहां हुआ हमलों का असर?

जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने इन हमलों में मुख्य रूप से यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को टारगेट किया है। उन्होंने कहा कि रूस का मकसद यूक्रेन को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाना और हमले के जरिए डर पैदा करना था। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, हमले का असर राजधानी कीव के अलावा पोल्टावा, निप्रॉपेट्रोस, खार्किव और चेर्निहाइव समेत कई इलाकों में देखने को मिला। कई जगहों पर विस्फोटों के बाद आग लग गई और इमारतों को नुकसान पहुंचा।

चेर्निहाइव में एक रिहायशी बिल्डिंग को बनाया गया निशाना

उत्तरी यूक्रेन के चेर्निहाइव क्षेत्र के प्रिलुकी में एक रूसी मिसाइल के हमले में पांच मंजिला रिहायशी इमारत को नुकसान हुआ। यह इमारत पूरी तरह से तबाह हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत और करीब 20 लोग घायल हुए हैं।

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि राजधानी के घनी आबादी वाले डार्नित्स्की इलाके में हवाई हमले के बाद लगी आग में दो लोगों की मौत हुई।

मध्य यूक्रेन के नीप्रो और क्रेमेनचुक में ऊंची इमारतों को टारगेट किया गया जहां दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा ओलेक्सांद्रिया में भी दो लोगों की जान गई।

यह भी पढ़ें: ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका को भी पहुंची तगड़ी चोट, 81 मिलिट्री एयरक्राफ्ट और ड्रोन हुए तबाह; इतना हुआ नुकसान

अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष इसी साल फरवरी में शुरू हुआ था। करीब 8 महीने से चले आ रहे इस युद्ध में दोनों ही देशों को जान-माल का भारी नुकसान हो चुका है। इस बीच कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस (CRS) की ओर से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका को इस युद्ध के दौरान बहुत भारी नुकसान हुआ है। यहां पढ़ें पूरी खबर…