अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई व्हाइट हाउस प्रेस सचिव केटी जकारिया की कानूनी योग्यता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जकारिया साल 2011 में कैलिफोर्निया का बार एग्जाम पास नहीं कर पाई थीं। इसके बाद उनके वकील होने के दावे पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, जकारिया ने कहा है कि उन्होंने चीन जाने के बाद बार एग्जाम पास किया था।

मंगलवार को व्हाइट हाउस में अपनी पहली आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग के बाद जब जकारिया से पूछा गया कि उन्होंने बार एग्जाम कहां पास किया था, तो उन्होंने जवाब दिया, “जब मैं चीन गई थी।” हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने किस देश या क्षेत्राधिकार में यह परीक्षा पास की थी। उनके इस जवाब के बाद उनकी कानूनी योग्यता को लेकर सवाल और बढ़ गए।

अमेरिका के पांच क्षेत्रों में नहीं मिला वकील के तौर पर नाम

जकारिया खुद को कई बार वकील बता चुकी हैं। लेकिन साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन डीसी, कैलिफोर्निया, टेक्सास और फ्लोरिडा के वकीलों के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच में उनका नाम नहीं मिला।

स्वतंत्र पत्रकार जड लेगम ने भी दावा किया कि उन्हें ऐसे कोई सबूत नहीं मिले, जिनसे यह साबित हो सके कि जकारिया को अमेरिका के 50 राज्यों या वॉशिंगटन डीसी में कहीं भी वकालत करने की अनुमति मिली थी।

अमेरिका में बार एग्जाम पास करना आमतौर पर वकील के रूप में लाइसेंस हासिल करने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा होता है। जकारिया ने 2011 में लॉ स्कूल से पढ़ाई पूरी की थी। इसी दौरान वह अपने पति टायलर जकारिया के साथ शादी की तैयारी कर रही थीं और चीन जाने की योजना बना रही थीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, जकारिया ने मल्टीस्टेट प्रोफेशनल रिस्पॉन्सिबिलिटी एग्जामिनेशन (MPRE) पास किया था। यह परीक्षा वकीलों के पेशेवर आचरण और कानूनी नैतिकता से जुड़े ज्ञान को परखती है। हालांकि, इस परीक्षा को पास करना अपने आप में वकालत का लाइसेंस मिलने का प्रमाण नहीं है।

व्हाइट हाउस ने क्या कहा?

जकारिया की परीक्षा और कानूनी योग्यता को लेकर सवाल पूछे जाने पर व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने NBC News को सीधे तौर पर यह नहीं बताया कि उन्होंने बार एग्जाम पास किया था या नहीं।

अधिकारी ने कहा कि लॉ स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद जकारिया अपने पति के साथ चीन चली गई थीं। उनके पति वहां एक अमेरिकी निजी इक्विटी कंपनी में काम करने गए थे। चीन में जकारिया ने अंतरराष्ट्रीय कारोबारी सौदों से जुड़े काम किए और बाद में दोनों अमेरिका लौट आए।

वहीं, SCMP की रिपोर्ट के अनुसार, जकारिया ने कहा कि उन्होंने सभी जरूरी योग्यताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय लेनदेन से जुड़े कानून के क्षेत्र में काम किया था। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें वकालत करने की अनुमति किस देश या क्षेत्राधिकार में मिली थी।

किसी लॉ फर्म में काम करना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि संबंधित व्यक्ति को उस देश में वकालत करने का लाइसेंस भी मिला हुआ है।

क्या चीन में बार एग्जाम दे सकती थीं जकारिया?

जकारिया के चीन में बार एग्जाम पास करने के दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं। साल 2011 में चीन की राष्ट्रीय न्यायिक परीक्षा के नियमों के मुताबिक, इस परीक्षा में शामिल होने के लिए चीनी नागरिक होना जरूरी था। चीन के न्याय मंत्रालय की ओर से जारी नियमों में शिक्षा और अन्य योग्यताओं से जुड़ी शर्तें भी शामिल थीं।

इसका मतलब है कि उस समय विदेशी नागरिक चीन की राष्ट्रीय न्यायिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सकते थे। यही वजह है कि जकारिया के चीन में परीक्षा पास करने के दावे को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि जकारिया किस परीक्षा की बात कर रही थीं। चीन की किसी लॉ फर्म में काम करने से भी यह साबित नहीं होता कि किसी व्यक्ति को वहां वकालत करने का लाइसेंस प्राप्त था।

यह भी पढ़ें: ‘मेरे राष्ट्रपति… माफ कीजिए, मेरे पति’, राष्ट्रपति ट्रंप की प्रेस सचिव केटी जकारिया की पहली ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिसली जुबान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया ने मंगलवार को अपनी पहली प्रेस ब्रीफिंग की शुरुआत अजीब तरह से की। चार बच्चों की परवरिश के साथ मुश्किल काम को बैलेंस करने के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए वह थोड़ी देर के लिए अपने बॉस और अपने पति में कन्फ्यूज हो गईं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।