एपस्टीन फाइल्स को लेकर दुनियाभर में हंगामा मचा हुआ है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ किसी भी तरह के जुड़ाव से इनकार किया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरी तरह से बरी कर दिया गया है और उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। रिपोर्टर्स से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि जांच में उन्हें गलत कामों से बरी कर दिया गया है।

मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं- ट्रंप

ट्रंप ने कहा, “मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। मुझे बरी कर दिया गया है। जेफरी एपस्टीन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। डेमोक्रेट्स इस उम्मीद में थे कि उन्हें कुछ मिल जाएगा लेकिन ठीक इसका उल्टा मिला।”

डेमोक्रेट्स पर ट्रंप ने साधा निशाना

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि एपस्टीन ने उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का विरोध किया था। उन्होंने दावा किया, “जेफरी एपस्टीन इस बात के लिए लड़ रहे थे कि मैं किसी लेखक, एक घटिया इंसान के साथ इलेक्ट न हो जाऊं।” पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने आगे कहा कि पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन सहित अन्य राजनीतिक हस्तियों को एपस्टीन से जुड़ी जांच में घसीटा गया था। डेमोक्रेट्स पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “यह वाकई दिलचस्प है क्योंकि उन्हें घसीटा गया है। इसके बारे में सोचिए। क्लिंटन और कई अन्य डेमोक्रेट्स को घसीटा गया है।”

बता दें कि हिलेरी क्लिंटन ने दावा किया कि उन्हें और उनके पति को ट्रंप से ध्यान हटाने के लिए एपस्टीन मामले में घसीटा जा रहा है। हालांकि ट्रंप ने इससे इनकार किया। ट्रंप ने कहा, “उन्हें घसीटा जा रहा है और यह उनकी प्रॉब्लम है। मुझे नहीं पता। उन्हें देखना होगा कि क्या होता है। लेकिन मैंने उन्हें म्यूनिख में देखा और उन्हें सच में ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम है।”

2019 में कस्टडी में हुई थी एपस्टीन की मौत

एपस्टीन की 2019 में फेडरल कस्टडी में मौत हो गई थी। वह सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में ट्रायल का इंतजार कर रहे थे। पॉलिटिक्स, बिज़नेस और एंटरटेनमेंट की जानी-मानी हस्तियों से एपस्टीन के लिंक लगातार जांच का विषय बने हुए हैं। पढ़ें एपस्टीन फाइल्स में सामने आया किन दिग्गजों के नाम

(यह भी पढ़ें- एपस्टीन फाइल्स विवाद पर आई दलाई लामा की तरफ से सफाई, कार्यालय ने कहा – वो कभी नहीं मिले)