Pakistan Khyber Pakhtunkhwa Emergency: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रविवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल घोषित कर दिया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व वाले पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की सरकार थी। इमरान खान जेल में बंद हैं।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने संविधान के अनुच्छेद 232(1) और 234(1) के तहत आपातकाल का ऐलान किया है। राष्ट्रपति की घोषणा के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बढ़ते आतंकवादी हमलों और संवैधानिक व्यवस्था के ठप होने के कारण यह कदम उठाया गया है। इस घोषणा के तहत मुख्यमंत्री, प्रांतीय मंत्री, सलाहकार, विशेष सहायक और महाधिवक्ता को तत्काल अपने पद छोड़ने होंगे।
आपातकाल लगने के बाद पाकिस्तान की संघीय सरकार उस प्रांत की प्रमुख कार्यकारी और विधायी शक्तियां अपने नियंत्रण में ले लेती हैं। राष्ट्रपति ने यह कदम खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल आफरीदी के नेतृत्व में जारी विरोध मार्च के बीच उठाया है। आफरीदी इमरान खान की रिहाई और उन्हें इलाज की सुविधा देने की मांग कर रहे हैं।
इमरान खान की रिहाई के लिए मार्च
इमरान खान की रिहाई के लिए चार अक्टूबर को लक्की मरवत से मार्च शुरू हुआ था और कई जिलों से गुजर चुका है। खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने शुरुआत में इस मार्च को इस्लामाबाद ले जाकर धरना देने की योजना बनाई थी लेकिन संघीय सरकार ने कहा कि वह प्रदर्शनकारियों को राजधानी में नहीं आने देगी। इससे पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई विशेष बैठक के बाद संघीय मंत्रिमंडल ने आपातकाल लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। बैठक में प्रांत में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई।
आपातकाल लगाने की आलोचना की
पाकिस्तान में विपक्षी दलों और वकीलों ने आपातकाल लागू किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे बड़ी राजनीतिक भूल करार दिया। पीटीआई के चेयरमैन बैरिस्टर गौहर खान ने कहा, ”हम इस कार्रवाई को पूरी तरह खारिज करते हैं। खैबर पख्तूनख्वा की जनता का जनादेश उसका संवैधानिक और कानूनी अधिकार है। इस जनादेश की अनदेखी करके, प्रांतीय स्वायत्तता को कमजोर करके और केंद्र तथा प्रांत के बीच टकराव पैदा करके न तो शांति स्थापित की जा सकती है और न ही स्थिरता लाई जा सकती है।”
गौहर खान ने कहा कि आतंकवाद से मुकाबला केवल राष्ट्रीय एकता और संयुक्त रणनीति के जरिए ही किया जा सकता है। पीटीआई के नेताओं ने कहा है कि प्रांतीय स्वायत्तता कोई खैरात नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है।
पंजाब बार काउंसिल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को दबाने और नागरिक स्वतंत्रताओं पर अंकुश लगाने के लिए ताकत का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। काउंसिल ने कहा कि कानून के शासन, न्यायपालिका की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- इमरान खान की सेहत पर बेटों ने जताई बड़ी चिंता
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम खान और सुलेमान खान ने पिता की सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। दोनों का कहना है कि पिछले कई महीनों से उन्हें अपने पिता से मिलने या उनकी स्वास्थ्य संबंधी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
