ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले ही दावा कर रहे हैं कि ईरान समझौता करने के लिए बेकरार है, लेकिन कई मुद्दों पर असहमति के कारण कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल पा रहा है।

ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर दोबारा हमला किया गया तो जवाबी कार्रवाई भी उतनी ही कठोर होगी। पिछले 24 घंटों में ईरान-अमेरिका तनाव को लेकर कई अहम अपडेट सामने आए हैं।

पहला अपडेट: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “एक बड़ा तूफान आने वाला है, ऐसा तूफान जिसे अब कोई नहीं रोक सकता।”

दूसरा अपडेट: ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी हमलावर आगे बढ़ेगा तो उसे समंदर में ही डुबो दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि फारस की खाड़ी में दुश्मन जहाजों के लिए कोई जगह नहीं है।

तीसरा अपडेट: अमेरिका और ईरान के बीच विफल होती बातचीत के बीच गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली। कीमत बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई जो चार साल में सबसे ज्यादा है।

चौथा अपडेट: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची की कुर्सी खतरे में बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान का शीर्ष नेतृत्व उन्हें हटाने की तैयारी कर रहा है। कहा जा रहा है कि उन्होंने IRGC के प्रवक्ता के रूप में ज्यादा व्यवहार किया है और एक कैबिनेट मंत्री के रूप में कम।

पांचवां अपडेट: अमेरिका ईरान के खिलाफ हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल कर सकता है। सेंट्रल कमांड के कमांडर ने राष्ट्रपति ट्रंप को संभावित हमले के विकल्पों पर जानकारी दी है। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक अगर अमेरिका हमला करता है, तो यह बेहद शक्तिशाली हो सकता है और ईरान के अहम ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है।

छठा अपडेट: अमेरिका का एक प्रमुख एयरक्राफ्ट यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड लंबी अवधि के बाद वापस लौटा है। करीब 300 दिनों के बाद उसकी वापसी को लेकर चर्चा हो रही है।

सातवां अपडेट: ईरान युद्ध को लेकर संसद में प्रस्ताव लाने की स्थिति पर भी अमेरिका में चर्चा तेज है। 60 दिनों से ज्यादा युद्ध चलाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को संसद की मंजूरी चाहिए। लेकिन अब ऐसा कोई प्रस्ताव लाने की तैयारी नहीं है। तर्क दिया गया है कि राष्ट्रपति को किसी ऐसी मंजूरी की जरूरत ही नहीं है।

ये भी पढ़ें- ईरान में 21 साल के सासन आजादवर को फांसी