बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से द्विपक्षीय मुलाकात की। इस मुलाकात में पीएम मोदी ने यूक्रेन के साथ युद्ध को समाप्त करने पर जोर दिया। इस द्विपक्षीय मुलाकात में पीएम मोदी ने कहा, “हम यूक्रेन के मुद्दे पर लगातार बातचीत करते रहे हैं। पिछली मुलाकात में भी आपने मुझे इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी थी। भारत हमेशा से शांति के प्रयासों का समर्थन करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “युद्ध का हर बीता हुआ दिन मानवता को पीछे धकेलने का काम करता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम दुनिया में नई उम्मीद पैदा करता है। इसलिए हमें युद्ध को जारी रखने के बजाय उसे समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। यह पूरी मानवता के हित में है।”
‘हर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान आज की जरूरत है’
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि सभी विवादों और मुद्दों का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान निकालना आज की सबसे बड़ी जरूरत है और यही भारत का स्पष्ट संदेश भी है। पीएम मोदी ने कहा कि गांधी और बुद्ध की धरती से दुनिया को हमेशा एक ही संदेश मिला है—शांति और संवाद का रास्ता ही आगे बढ़ने का रास्ता है।
‘भारत आपका स्वागत करने के लिए तैयार है’
पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत कुछ ही दिनों में BRICS समिट होस्ट कर रहा है और सभी भारतीय आपका और आपके डेलीगेशन का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। आपकी यात्रा हमारे द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करेगी। BRICS फ्रेमवर्क के अंदर बातचीत और सहयोग को और मजबूत करेगी।
‘भारत-रूस के संबंध नई ऊंचाईयों को छू रहे’
पीएम मोदी ने इस मुलाकात में पुतिन की पिछले साल की यात्रा का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा, “पिछले साल आपका भारत दौरा बहुत सफल और सच में यादगार रहा यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारा कोऑपरेशन नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हम दोनों देशों के लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। देश के हित को सबसे ऊपर रखते हुए आगे बढ़ना हमारा कॉमन अप्रोच रहा है और यह भविष्य में भी हमारा गाइडिंग प्रिंसिपल बना रहेगा।”
यह भी पढ़ें: SCO Summit: मोदी-पेजेश्कियान की बिश्केक में हुई मुलाकात, क्या बात हुई?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की। पश्चिम एशिया में पिछले कई महीनों से चल रहे तनाव और सुरक्षा हालात के बीच दोनों नेताओं की इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
