पीएम मोदी बुधवार को इजरायल दौरे पर रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इजरायल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने बेन गुरियन हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा को इजरायली मीडिया ने भी फुल कवरेज दी।

नरेंद्र मोदी के इजरायल की धरती पर कदम रखने से पहले ही उनके सम्मान में इजरायली नेसेट को भारतीय झंडे के रंगों में रोशन किया गया है। नेसेट स्पीकर आमिर ओहाना ने एक्स तस्वीर साझा कर इसकी जानकारी दी है। The Jerusalem Post ने बुधवार के अपने मुख्य पन्ने पर पीएम मोदी की तस्वीर के साथ “वेलकम मोदी” शीर्षक छापी, जिसमें दोनों देशों के बढ़ते रिश्तों और दौरे की अहमियत को प्रमुखता दी गई है। जेरूसलम पोस्ट ने हिंदी में नमस्ते मोदी लिखा और पीएम मोदी के दौरे को नए चरण की शुरुआत बताया।

पीएम मोदी की यात्रा को लैंडमार्क मोमेंट बताया

कई प्रमुख इजरायली प्रकाशनों ने पीएम मोदी की यात्रा को स्ट्रटेजिक रीसेट और लैंडमार्क मोमेंट के रूप में प्रस्तुत किया, जिसमें दोनों देशों के संबंधों को एक नई दिशा मिलने की बात कही गई है। कई रिपोर्टों में पीएम मोदी के इजरायली संसद में भाषण देने को ऐतिहासिक बताया गया है क्योंकि वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे जो वहां संबोधित करेंगे। कई ने नेतन्याहू और मोदी के बीच पर्सनल केमिस्ट्री पर भी जोर दिया गया। प्रमुख प्रकाशनों ने 2017 यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच नंगे पैर समुद्र तट पर चलते फोटो प्रकाशित किए, जो सोशल मीडिया पर “ब्रोमांस” के रूप में वायरल हुए थे।

नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन किया

इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा, ”इजरायल में आपका स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है, प्रधानमंत्री मोदी।” नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद तेल अवीव से 20 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित हवाई अड्डे पर मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि उनका और पीएम मोदी का घनिष्ठ व्यक्तिगत संबंध है, हम अक्सर बात करते हैं और मेरा मानना ​​है कि हमारे बीच की गहरी दोस्ती हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों को सशक्त रूप से दर्शाती है। नेतन्याहू ने ‘एक्स’ पर कहा, ”मेरी पत्नी सारा और मैंने आज अपने अच्छे मित्र, प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया, जो इजरायल की एक और ऐतिहासिक यात्रा के लिए पहुंचे हैं।”

वहीं, मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, ”मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू और श्रीमती नेतन्याहू ने हवाई अड्डे पर मेरा भव्य स्वागत किया। मैं द्विपक्षीय चर्चाओं और सार्थक परिणामों की आशा करता हूं जो भारत-इजरायल मित्रता को मजबूत करेंगे।” प्रधानमंत्री मोदी की नौ वर्षों में इजरायल की यह दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में इस देश की उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजरायल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाया गया था।