अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन होटल फायरिंग के हमलावर की एक तस्वीर जारी की है। उस तस्वीर में हमलावर बेसुध जमीन पर पड़ा हुआ है, सुरक्षा के जवानों ने उसे घेर रखा है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार हमलावर का नाम कोल टॉमस है, उसकी उम्र 31 साल है। वो कैलिफोर्निया के टॉरेंस के रहने वाला है।
हमलावर की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें सुरक्षाकर्मियों ने उसे अर्धनंग अवस्था में जमीन पर लेटा रखा है। हमलावर के चारों तरफ सुरक्षा के जवान खड़े हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है, उनकी तरफ से सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ भी की गई है।
पुलिस ने क्या जानकारी दी?
अंतरिम पुलिस डीसी प्रमुख के मुताबिक आरोपी हमलावर होटल में एक मेहमान की तरह ही रह रहा था, लेकिन उसके निशाने पर कौन था, उसका इरादा क्या था, इसे लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास एक नहीं कई हथियार मौजूद थे, गन के साथ चाकू भी उसने अपने पास रखा था।
अमेरिकी फायरिंग की हर अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
जानकार मानते हैं कि अमेरिकी कैबिनेट को निशाने पर लेने की तैयारी थी क्योंकि समारोह में सभी हाई प्रोफाइल नेता मौजूद थे। राष्ट्रपति ट्रंप के साथ जेडी वैंस, प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट मौजूद थीं। ट्रंप की पत्नी और फर्स्ट लेडी भी वहां आई थीं। ऐसे में निशाने पर कई दिग्गज थे और इसे जांच में एक बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है।
ट्रंप ने क्या कहा है?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा- वॉशिंगटन डीसी में यह एक अलग तरह की शाम रही। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बेहतरीन काम का नमूना पेश किया है। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए हमलावर को ठीक समय पर पकड़ लिया। मैंंने इस कार्यक्रम को आगे भी जारी रखने की सिफारिश की है, अंतिम फैसला तो एजेंसियों को लेना है। इतना जरूर लगता है कि अब यह कार्यक्रम पहले से कुछ अलग तरह से आयोजित करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें- ट्रंप पर कब-कब हुआ हमला
