साउथ फिलीपींस में स्कूल में दो बंदूकें लेकर पहुंचे छात्र ने अपने ही एक सहपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। यह स्कूल एक विश्वविद्यालय परिसर के अंदर बना हुआ था। जाम्बोआंगा शहर के मेयर खाइमर अदन ओलासो ने कहा कि संदिग्ध ने जाम्बोआंगा विश्वविद्यालय परिसर में स्थित माध्यमिक स्कूल में घटना की लाइव स्ट्रीमिंग करने के लिए अपने शरीर पर बॉडी कैमरा पहना था। उन्होंने बताया कि इस घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
मेयर ओलासो ने बताया कि संदिग्ध ने शुरू में एक शिक्षक पर गोली चलाई थी लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि शिक्षक को गोली लगी है या नहीं। इसके बाद उसने अपने ही एक सहपाठी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई, फिर उसने खुद को भी गोली मार ली।
गोलियों की आवाज सुनने के बाद छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
हाई स्कूल की इमारत में गोलियों की आवाज गूंजने के बाद सैकड़ों छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। गोलीबारी के कुछ घंटे बाद पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने छात्रों के माता-पिता और अभिभावकों से शांत रहने तथा अपने बच्चों को लेने के लिए हाई स्कूल द्वारा दिए गए निर्देशों और व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
अधिकारी घटना के कारणों का पता लगा रहे
राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख जनरल जोस मेलेंसियो नारतातेज जूनियर ने कहा, “अधिकारी फिलहाल इस घटना से जुड़े कारणों का पता लगा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पुलिस उचित समय पर सत्यापित जानकारी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने लोगों से अपुष्ट खबरें, तस्वीरें या वीडियो साझा करने से बचने की अपील की क्योंकि इससे अनावश्यक चिंता पैदा हो सकती है।
पुलिस प्रमुख ने कहा, “राष्ट्रीय पुलिस जनता को आश्वस्त करती है कि स्कूल समुदाय की सुरक्षा और कल्याण हमारी प्राथमिकता है। अधिकारियों द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयासों के बीच हम स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पूरे समुदाय के धैर्य, सहयोग और समझ के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।”
यह गोलीबारी ऐसे समय हुई है जब पुलिस ने देशभर के स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया था। इससे पहले जून में मध्य फिलीपींस के ताकलोबान शहर में गोलीबारी की एक घटना में हाई स्कूल के तीन छात्रों की मौत हो गई थी और कम से कम 20 अन्य घायल हुए थे। पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने के आरोप में 14 और 15 वर्ष की उम्र के दो छात्रों को गिरफ्तार किया था। फिलीपींस में हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े अपराध आम हैं। इसका एक प्रमुख कारण बिना लाइसेंस वाले हथियारों की बढ़ती संख्या है।
यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान में दो नागरिकों की मारी गई गोली
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग घटनाओं में सात आतंकियों को मार गिराया जबकि एक हमले में सिंध के एक परिवार की दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट- एपी)
