अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में ‘पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर ‘प्रेसिडेंट डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ कर दिया गया है। जिसके बाद ‘पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के साइन हटा दिए गए हैं और उनकी जगह नए साइन लगाए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने फेसबुक पोस्ट में कहा, “क्योंकि पूरे एयरपोर्ट का कायापलट रातों-रात नहीं होता, इसलिए अगले कुछ हफ़्तों में टर्मिनल से गुजरते समय आपको हमारे पुराने लुक और नए ब्रांड एलिमेंट्स का मिला-जुला रूप देखने को मिलेगा।”
ट्रंप ऑर्गनाइज़ेशन का बोइंग 757 विमान, जिसे ‘ट्रंप फ़ोर्स वन’ कहा जाता है। वह सुबह 5 बजे के कुछ ही देर बाद नए नाम वाले इस एयरपोर्ट पर उतरने वाला पहला विमान था। इस विमान में राष्ट्रपति के बेटे एरिक ट्रंप भी सवार थे।
ट्रंप परिवार जब भी पास स्थित मार-ए-लागो स्थित अपने निवास पर आता है, तो आमतौर पर इसी एयरपोर्ट का इस्तेमाल करता है। इससे पहले इसी साल एयरपोर्ट से ट्रंप एस्टेट तक जाने वाली सड़क का नाम भी “डोनाल्ड जे. ट्रंप बुलेवार्ड” रखा गया था।
एरिक ट्रंप ने X पर पोस्ट किया, “फ्लोरिडा और हमारे देश के लिए किसी और ने इतना काम नहीं किया है, जितना राष्ट्रपति ट्रंप ने किया। वह इस सम्मान के सबसे बड़े हकदार हैं। एक बेटे के रूप में और लगभग रोज़ इस एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले व्यक्ति के तौर पर मुझे गर्व होगा कि मेरे बोर्डिंग पास पर अब ‘DJT’ लिखा होगा।”
हालांकि एयरपोर्ट का नया नाम गुरुवार से लागू हो गया है, लेकिन उसका तीन अक्षरों वाला आधिकारिक एयरपोर्ट कोड PBI से बदलकर DJT 18 अगस्त से किया जाएगा।
इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, “पाम बीच, फ्लोरिडा के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। शानदार बहुमत से पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘प्रेसिडेंट डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखा गया है। यह क्षेत्र शानदार है, स्थान बेहतरीन है और इसका नवीनीकरण भी शानदार होगा। सभी लोगों का उनके समर्थन और विश्वास के लिए धन्यवाद। यह दुनिया के सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट्स में से एक होगा।”
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसैंटिस ने इसी वर्ष उस विधेयक पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके बाद एयरपोर्ट का नाम बदलना संभव हुआ। इस बदलाव पर नए साइनबोर्ड, ब्रांडिंग और अन्य अपडेट सहित लगभग 55 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 47 करोड़ रुपये) खर्च होने का अनुमान है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ हुआ अस्थायी युद्धविराम अब “खत्म” हो गया है। यह बयान दोनों देशों के बीच फिर बढ़ी सैन्य गतिविधियों के बाद आया। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि बातचीत का रास्ता अभी खुला रहेगा। साथ ही उन्होंने ईरान को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। पढ़ें पूरी खबर।
