पाकिस्तान की एक अदालत ने मुल्क के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। पाकिस्तानी अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार, रावलपिंडी की आतंकवाद विरोधी अदालत (एटीसी) ने अलीमा के खिलाफ यह वारंट जारी किया है।

नवंबर, 2024 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में अदालत में पेश न होने को लेकर यह कार्रवाई की गई है।

इस मामले में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने, सरकार विरोधी नारे लगाने, तोड़फोड़ करने और पत्थरबाजी करने के आरोप शामिल हैं। अलीमा के अलावा, एटीसी ने उनके दो जमानतदारों के खिलाफ भी गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।

अर्जी को किया खारिज

अदालत ने अलीमा की पेशी से छूट की मांग करने वाली अर्जी को खारिज करते हुए आदेश दिया कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए और बुधवार को उसके सामने पेश किया जाए। अखबार की खबर के मुताबिक, सोमवार की सुनवाई के दौरान, बचाव पक्ष के वकील ने एक दिन की छूट की मांग करते हुए कहा कि अलीमा का बैंक खाता, पहचान पत्र और पासपोर्ट ब्लॉक कर दिया गया है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।

‘कर्ज लेने वाला हमेशा झुका रहता है’, पाकिस्तान की बदहाल हालत पर बोले पीएम शहबाज

अदियाला जेल में बंद हैं इमरान

इमरान खान अगस्त, 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। खान को अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटा दिया गया था। बीते साल इमरान खान से मिलने की मांग को लेकर उनकी बहनों ने जेल के बाहर प्रदर्शन किया था। साथ ही पीटीआई के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर आए थे।

पीटीआई के नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि पाकिस्तान की शहबाज शरीफ हुकूमत इमरान खान पर जुल्म कर रही है।

यह भी पढ़ें- पिता बोला- जिन्नों ने किया बेटे का अपहरण, पुलिस ने दर्ज की FIR