पाकिस्तान में मंगलवार तड़के एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। हादसा पंजाब प्रांत के शेर शाह शहर में हुआ। ट्रेन साउदर्न पोर्ट सिटी कराची से नॉर्थ वेस्टर्न सिटी पेशावर जा रही थी। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
पाकिस्तान रेलवे के प्रवक्ता कलीम अख्तर के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई ट्रेन में 14 डिब्बे थे। बचाव दल ने ट्रेन से चार शव बरामद किए और घायलों को बाहर निकाला। वहीं, बचाव अधिकारियों ने बताया कि एक घायल की अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल के साथ पैरामेडिकल कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजा गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बचावकर्मियों ने ट्रेन के डिब्बों से यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का काम किया।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया। दोनों नेताओं ने अलग-अलग बयान जारी कर अधिकारियों को घायलों के बेहतर से बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
पाकिस्तान में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
पाकिस्तान में ट्रेन हादसे अक्सर सामने आते रहे हैं। देश की रेलवे व्यवस्था लंबे समय से निवेश की कमी, पुरानी पटरियों और पुराने सिग्नल सिस्टम जैसी समस्याओं से जूझ रही है। इन कमियों के कारण रेल सेवाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
इससे पहले साल 2023 में पाकिस्तान के दक्षिणी हिस्से में एक यात्री ट्रेन के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। उस हादसे में 30 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 90 से अधिक लोग घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें: ‘ब्रेकिंग बैड’ फेम RJ Mitte का 34 साल की उम्र में निधन, आत्महत्या की खबर से सदमे में फैंस
‘ब्रेकिंग बैड’ में वॉल्टर व्हाइट जूनियर का किरदार निभाकर मशहूर हुए अभिनेता आरजे मिट्टे का सोमवार को 34 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अमेरिका के टेक्सास के ब्राउन्सविल में अंतिम सांस ली। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
