पाकिस्तान की गधे के मांस और उससे संबंधित उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने की योजना है। पाकिस्तान गधे के मांस और उससे जुड़े अन्य उत्पादों के निर्यात को चीन में बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है, जहां इसके पोषण और औषधीय गुणों के कारण इसकी मांग अधिक है।
पाक के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब द्वारा पाकिस्तान आर्थिक समीक्षा 2025-26 में इस बारे में जानकारी दी। ‘गधे के मांस व अन्य उत्पादों के लिए नए निर्यात अवसर’ शीर्षक के तहत समीक्षा में कहा गया, ” गधे का मांस, खाल और संबंधित उत्पादों का निर्यात एक विशेष बाजार प्रदान करता है। चीन में बढ़ती मांग के दम पर इसमें वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं। चीन में गधे का मांस, दूध और एजियाओ (जिलेटिन) को उनके पोषण और औषधीय गुणों के लिए महत्व दिया जाता है।”
गधों के मांस के निर्यात के लिए पाक और चीन में करार
आर्थिक समीक्षा में कहा गया कि इस व्यापार को समर्थन देने के लिए संघीय सरकार ने चीन के साथ स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा, द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे और स्थानीय किसानों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर उत्पन्न होंगे। समीक्षा में कहा गया कि ‘ग्वादर फ्री ज़ोन’ में गधों के बूचड़खाने स्थापित करने के लिए एम/एस शहजाद एंड शाओ कंपनी को नया लाइसेंस दिया गया है। इससे लाइसेंस प्राप्त कंपनियों की संख्या एम/एस हेंगेंग ट्रेड के अलावा बढ़कर दो हो गई है।
पाक आर्थिक समीक्षा के अनुसार, पाकिस्तान में गधों की संख्या 2024-25 के 60 लाख से बढ़कर 2025-26 में 62 लाख हो गई है। यह संख्या 2023-24 में 59 लाख थी। परंपरागत रूप से, गधों का इस्तेमाल भारी सामान ढोने या खींचने के लिए किया जाता रहा है। वे ग्रामीण परिवारों का अहम हिस्सा रहे हैं क्योंकि कृषि क्षेत्रों में फसल, चारा, लकड़ी और अन्य वस्तुओं की ढुलाई के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है।
पाकिस्तान में गरीबी सात प्रतिशत बढ़ी
पाकिस्तान में पिछले 6 सालों में गरीबी सात प्रतिशत बढ़ गई है जिससे लगभग 2.7 करोड़ लोग गरीबी के दायरे में आ गए हैं और इसके साथ ही देश में कुल गरीबों की संख्या बढ़कर सात करोड़ हो गई है। पाकिस्तान आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में यह बात सामने आई है। इस सर्वे में सामने आया है कि वर्ष 2018-19 में गरीबी का स्तर 21.9 प्रतिशत था जो 2024-25 में बढ़कर 28.9 प्रतिशत हो गया। सर्वे के अनुसार ग्रामीण गरीबी 28.2 प्रतिशत से बढ़कर 36.2 प्रतिशत हो गई जबकि शहरी गरीबी 11 प्रतिशत से बढ़कर 17.4 प्रतिशत तक पहुंच गई। प्रांतीय स्तर के आंकड़ों से पता चलता है कि सभी क्षेत्रों में गरीबी में वृद्धि दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर की बमबारी
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर भीषण हमला किया है। इस हमले में 13 अफगानी नागरिकों की मौत हो गई है। मरने वालों में 11 बच्चे शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट-भाषा)
