पाकिस्तान के जेल में सजा काट रहे पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इमरान खान की सेहत से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश इमरान खान की आंखों से जुड़ी समस्या के कारण दिया है।

सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश जेल अधिकारियों के उस बयान के एक दिन बाद आया जिसमें कहा गया था कि इमरान खान की आंखों की रोशनी लगभग सामान्य है।

याचिका में क्या कहा गया?

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, याचिका में कहा गया था कि इमरान खान को उनकी आंखों की बीमारी के कारण मेडिकल जांच के लिए इस्लामाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में दिखाने की इजाजत दी जाए क्योंकि सरकारी अस्पताल में मिल रहे इलाज से 73 वर्षीय पूर्व पीएम संतुष्ट नहीं है।

जस्टिस शाहिद वाहीद की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय बेंच ने एक जैसी कई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए निर्देश जारी किया। याचिकाकर्ताओं ने इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की और कहा कि वे सरकारी अस्पतालों में मिल रहे इलाज से संतुष्ट नहीं हैं।

कौन से अस्पताल भेजा जाएगा?

कोर्ट ने आदेश दिया कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक को आने वाले दिनों में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भेजा जाए। जस्टिस वहीद ने कहा, “मौलिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए, हम कैदी की सेहत और सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी कर रहे हैं।”

2023 से जेल में बंद हैं इमरान

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। इसी साल जनवरी के अंत में उन्हें आंखों की बीमारी (राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (CRVO) हुई थी जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कई बार इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाया गया है।

इलाज के बाद सुधार- जेल अधिकारियों को दावा

अडियाला जेल अधिकारियों ने कहा कि जब से उन्हें बीमारी का पता चला, तब से इमरान खान का सही इलाज कराया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, PIMS में अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के प्रमुख डॉ. मुहम्मद आरिफ खान और रावलपिंडी के अलशिफा ट्रस्ट आई हॉस्पिटल के विट्रियो-रेटिनल सर्जन डॉ. नदीम कुरैशी ने उनका इलाज किया। रिपोर्ट में दावा किया गया है, “इसके फलस्वरूप, उनकी आँख में काफी सुधार देखा गया है और उनकी नजर लगभग सामान्य हो गई है।”

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मेडिकल इलाज और इमरान की नजर में सुधार से पता चलता है कि जेल प्रशासन ने उन्हें सबसे अच्छी हेल्थकेयर सुविधाएँ देने की पूरी कोशिश की थी। अब कोर्ट के आदेश के मुताबिक, उन्हें आगे की मेडिकल जाँच के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया जाना है।

यह भी पढ़ें: तीन साल से जेल में बंद हैं इमरान खान, पाकिस्तान की सड़कों पर फिर उबाल

पाकिस्तान में एक बार फिर सियासी पारा हाई है! पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल में बंद हुए पूरे तीन बरस बीत चुके हैं, और इस “काली सालगिरह” पर बुधवार को देशभर की सड़कों पर उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें