जम्मू-कश्मीर पर भारत में अमेरिकी राजनयिक सर्जियो गोर के बयान के बाद पाकिस्तान ने बुधवार को इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स को तलब किया है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने सर्जियो गोर की ओर से जम्मू-कश्मीर पर दिए बयान को लेकर आपत्ति जताई।

सर्जियो गोर ने आज जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर दौरे के दौरान कहा कि यह केंद्र शासित प्रदेश “भारत का एक अहम हिस्सा है।” जम्मू-कश्मीर का यह उनका पहला दौरा था। इस दौरान अमेरिकी राजयनिक ने यह भी कहा कि अमेरिका इस इलाके के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी पर फिर से विचार करेगा।

सर्जियो गोर के बयान की पाकिस्तान ने की निंदा

पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट डॉन के मुताबिक, पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को ‘भारत का हिस्सा’ बताए जाने की कड़ी निंदा की और इसे साफ तौर पर खारिज कर दिया।

कश्मीरी लोगों की इच्छाओं के अनुसार होगा समाधान- पाकिस्तान

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, “जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित इलाका है, जिसका अंतिम समाधान UNSC के संबंधित प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की इच्छाओं के अनुसार होना बाकी है।”

पाकिस्तान ने अमेरिकी राजनयिक सर्जियो गोर के बयान को गैर-जिम्मेदाराना ने बताया। साथ ही कहा कि जम्मू-कश्मीर विवाद पर अमेरिका के लंबे समय से चले आ रहे और अच्छी तरह से दर्ज रुख को सर्जियो ने नकार दिया, और उनका बयान अंतरराष्ट्रीय कानून और UN चार्टर के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता के भी खिलाफ है।

सर्जियो गोर मुख्यमंत्री से की मुलाकात

सर्जियो गोर ने बुधवार को अपनी यात्रा के दौरान, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह भारत का एक अहम हिस्सा है और इसलिए मैं यहाँ पहली बार आया हूँ। यह जगह बेहद खूबसूरत है, और इसलिए मैं यहाँ आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूँ।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर के साथ उनकी अच्छी बैठक हुई और कुछ ऐसी बातें थीं जिन पर आगे काम करना है और जिन्हें सर्जियो गोर अमेरिका वापस ले जाएंगे।” भारत में अमेरिकी राजदूत ने कहा, “यह बेहद गर्मजोशी भरी और दोस्ताना मुलाकात थी, और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।”

अमेरिकी यहां खूबसूरती और मौकों का आनंद लेंगे- अमेरिकी राजदूत

सर्जियो ने केंद्र शासित प्रदेश को और सुरक्षित बनाने के लिए उठाए गए “अहम कदमों” का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “अमेरिका यात्रा से जुड़ी चेतावनियां जारी करता है और हम समय-समय पर उनकी समीक्षा करते रहते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे।” फिलहाल, जम्मू कश्मीर के लिए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए लेवल 4 की “यात्रा न करें” (do not travel) वाली एडवाइजरी जारी कर रखी है।

हालांकि, अमेरिकी राजनयिक ने कहा कि अमेरिका इस बात पर “विचार करेगा” कि क्या लागू की गई ट्रैवल चेतावनी को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा, “यह एक खूबसूरत इलाका है, मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आकर यहां की खूबसूरती और मौकों का आनंद लेंगे।”

यह भी पढ़ें: ‘हमारी समस्याओं का समाधान वाशिंगटन से नहीं’, अमेरिकी राजदूत से मुलाकात से पहले उमर बोले- अपने देश की शिकायत करना सही नहीं

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर श्रीनगर पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान गोर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इस मुलाकात के बारे में बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि वह अमेरिकी राजदूत के सामने आंतरिक मुद्दों को नहीं उठाएंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें