पाकिस्तान के रावलपिंडी से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। हुआ यह है कि पुलिस के पास एक नाबालिग लड़के के गुमशुदा होने का मामला आया। इस मामले में पुलिस ने लड़के के पिता की शिकायत पर तीन जिन्नों के खिलाफ अपहरण करने की एफआईआर दर्ज की है।

पाकिस्तानी न्यूज चैनल एआरवाई न्यूज के मुताबिक, 11 साल का एक लड़का 21 जनवरी को अपने घर से लापता हो गया। जब वह लड़का 10 दिन बाद भी अपने घर नहीं लौटा तो उसके पिता ने स्थानीय पुलिस थाने में इस मामले में शिकायत दर्ज कराई।

पिता ने आरोप लगाया कि जिन्नों ने उसके बेटे को घर से भागने के लिए मजबूर किया। इससे भी हैरान करने वाली बात यह है कि पिता ने कहा कि ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले भी जिन्नों ने कई बार उसके बेटे का अपहरण किया था।

पाकिस्तान में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है ‘धुरंधर’

शिकायतकर्ता का कहना था कि पिछले मौकों पर जब उनके बेटे का अपहरण किया गया था तो उनका बेटा कुछ वक्त बाद घर लौट आता था लेकिन इस बार 10 से ज्यादा दिन बीत चुके हैं और अभी तक वह वापस नहीं लौटा है। इस वजह से उन्होंने जिन्नों पर बच्चों के अपहरण का आरोप लगाया है।

पहले भी सामने आए ऐसे दावे

एआरवाई न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी जिन्नों के द्वारा अपहरण किए जाने के दावे सामने आ चुके हैं। लाहौर में एक मां ने अपनी शादीशुदा बेटी के लापता होने के संबंध में जिन्नों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी और यह मामला अदालत में भी पहुंचा था।

पाकिस्तान के 84 जवान मारे गए, ऑपरेशन हेरॉफ को लेकर BLA का दावा

इसके अलावा द डॉन अखबार में बीते साल सितंबर में एक रिपोर्ट छपी थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि लाहौर पुलिस ने अपहरण के एक मामले को सुलझाने की कोशिश की थी जिसमें यह दावा किया गया था कि एक महिला का जिन्नों ने अपहरण कर लिया।

सांबा बॉर्डर पर ड्रोन दिखते ही BSF की फायरिंग, पूरे इलाके में हाई अलर्ट