पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज इन दिनों आलीशान विमान खरीदने के मामले में विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने स्ट्रैटकॉम ब्यूरो के हवाले से बताया है कि पंजाब सरकार ने 2019 में बनाया गया Gulfstream GVII-G500 लग्जरी विमान खरीदा है। इसका रजिस्ट्रेशन नंबर N144S है और यह अमेरिका का है।

स्ट्रैटकॉम ब्यूरो के मुताबिक, इसकी अनुमानित कीमत 4.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर है जिसकी पाकिस्तानी रुपये में कीमत 11.7 अरब है।

मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पत्रकारों से कहा कि अब पंजाब की सरकार को किसी भी आधिकारिक यात्रा के लिए पाकिस्तान की केंद्रीय सरकार या पाकिस्तान एयर फोर्स से विमान नहीं लेना पड़ेगा।

आजमा बुखारी ने क्या कहा?

पंजाब की सूचना मंत्री आजमा बुखारी ने कहा कि यह विमान निजी या वीआईपी उपयोग के लिए नहीं खरीदा गया है। उन्होंने Dunya News को बताया कि एयर पंजाब के लिए एक फ्लीट तैयार की जा रही है, यह विमान उसकी एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता को भी इस बारे में बताया जाएगा। 

गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस की वेबसाइट के अनुसार, G500 लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाला लग्जरी बिजनेस विमान है। इसका इस्तेमाल आमतौर पर कॉरपोरेट, निजी और देश के प्रमुखों के आने-जाने के लिए किया जाता है।

पंजाब सरकार के अफसरों का कहना है कि मुख्यमंत्री का मौजूदा हेलीकॉप्टर एयर पंजाब के बेड़े में शामिल किया जाएगा और वीआईपी उपयोग के लिए अलग से कोई विमान नहीं खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब भी मुख्यमंत्री मरियम नवाज एयर पंजाब के किसी विमान से सफर करेंगी तो उनसे पूरा कॉमर्शियल किराया लिया जाएगा।

मरियम नवाज की कड़ी आलोचना

पाकिस्तान के विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ और जमात-ए-इस्लामी ने इसे लेकर मरियम नवाज की आलोचना की है। पीटीआई के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री मूनिस इलाही ने कहा, ”पंजाब की मुख्यमंत्री ने 11,000 करोड़ पाकिस्तानी रुपये की लागत से एक विमान खरीदा है, जबकि पाकिस्तान की पूरी नेशनल एयरलाइन – पीआईए को मात्र 10 अरब पाकिस्तानी रुपये में बेच दिया गया था।”

जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख हाफिज नईमुर रहमान ने कहा कि मरियम ने अपने निजी इस्तेमाल के लिए महंगा और आलीशान विमान खरीदा है जबकि पंजाब में बच्चों के कुपोषण, गरीबी और सामाजिक समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

पाकिस्तान के सिंध के पूर्व राज्यपाल मुहम्मद जुबैर उमर ने X पर सवाल उठाया कि क्या कोई ऐसा देश, जहां 45% आबादी गरीबी रेखा से नीचे जीवन जी रही है, इस तरह के खर्च को जायज ठहरा सकता है।

टाइम्स ऑफ इस्लामाबाद के अनुसार, पंजाब पहले से ही 1.7 ट्रिलियन रुपये से अधिक के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है।

पाकिस्तान में भारत का राष्ट्रगान गाने पर एक्शन

पाकिस्तान के खैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत में चार छात्रों को एक यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया। यह कार्रवाई एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई। वीडियो में एक छात्र भारत का राष्ट्रगान गाते हुए दिखाई दे रहा है जबकि कुछ अन्य छात्र उसका साथ दे रहे हैं। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।