पाकिस्तान में ऑल पाकिस्तान पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन (APPPOA) ने सरकार के साथ बातचीत विफल रही। इसके बाद बुधवार रात से APPPOA ने देशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तानी अखबार द डॉन के अनुसार, विवाद का मुख्य कारण सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोजाना बदलाव (डेली प्राइसिंग सिस्टम) का फैसला है।
आपको बता दें कि मंगलवार को पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक की अगुवाई में सरकार और APPPOA के प्रतिनिधियों के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई। लेकिन दोनों पक्ष किसी सहमति पर नहीं पहुंच सके। इसके बाद एसोसिएशन ने देशव्यापी हड़ताल की घोषणा कर दी।
रोजाना कीमतें बदलना मंजूर नहीं
APPPOA के उपाध्यक्ष नौमान अली बट्ट ने कहा कि ईंधन की कीमतों में रोजाना बदलाव का फैसला पेट्रोल पंप संचालकों के लिए स्वीकार्य नहीं है और इसे लागू करना व्यावहारिक भी नहीं है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव हर महीने किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंप डीलरों का कमीशन पिछले तीन साल से नहीं बढ़ाया गया है जिससे कारोबारियों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
‘नई व्यवस्था से कारोबार प्रभावित’
एसोसिएशन के अध्यक्ष हुमायूं खान ने आरोप लगाया कि रोजाना कीमत तय करने की व्यवस्था का फायदा केवल ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को मिलेगा। उनके मुताबिक, कीमतें गिरने की स्थिति में कंपनियां ईंधन की आपूर्ति रोक सकती हैं और एडवांस बिलिंग के जरिए फायदा उठा सकती हैं जबकि पेट्रोल पंप संचालकों का कारोबार पहले से ही बेहद कम मुनाफे पर चल रहा है।
सरकार ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम
पाकिस्तान सरकार ने मंगलवार को पेट्रोल की कीमत में 4.93 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 7.15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की।
नई कीमतों के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल का रेट
पेट्रोल की कीमत 320.73 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर
हाई-स्पीड डीजल की कीमत 367.21 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर
पेट्रोलियम डिवीजन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, नई कीमतें 22 जुलाई (बुधवार) से लागू कर दी गई हैं।
वर्तमान विनिमय दर के अनुसार भारत का 1 रुपया लगभग 2.88 पाकिस्तानी रुपये के बराबर है। यह दर विदेशी मुद्रा बाजार के अनुसार बदलती रहती है।
