Pakistan Road Accident: पाकिस्तान के लासबेला में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। रविवार (29 जनवरी) को बलूचिस्तान (Balochistan) में यात्रियों से भरी एक गाड़ी गहरे नाले में जा गिरी। इस हादसे में कम से कम 39 यात्रियों की मौत हो गई है। राहत और बचाव के लिए पुलिस और राहतकर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई है।
Balochistan में खाई में गिरी यात्रियों से भरी गाड़ी
पाकिस्तान के लासबेला में यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस गहरे नाले में गिर गई। इस दुर्घटना में 39 लोगों की मौत हुई है जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, एक्सीडेंट इतना भीषण था कि नाले में गिरते ही बस में आग लग गई। यह बस कराची से क्वेटा जा रही थी। राहत और बचाव कार्य जारी है।
Lasbela सड़क हादसे में 39 लोगों की मौत
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक नाले में गिरी बस में करीब 48 यात्री सवार थे। बस क्वेटा से कराची जा रही थी। बताया जाता है कि लासबेला जिले के बेला इलाके में एक जगह यू-टर्न लेते समय बस पुल के पिलर से जा टकराई। लासबेला के सहायक आयुक्त हमजा अंजुम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि करीब 48 यात्रियों को लेकर वाहन क्वेटा से कराची जा रहा था।
हमजा अंजुम ने कहा कि एक बच्चे और एक महिला सहित तीन लोगों को जीवित बचा लिया गया है, उन्हें डर है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। लासबेला के सहायक आयुक्त ने कहा कि इन तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स उनका उपचार कर रहे हैं। बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इस संबंध में अभी अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी होने की जानकारी दी है।
Rescue Operation जारी
घायल लोगों को लासबेला के नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। दुर्घटनास्थल पर दमकल, बचावकर्मी और सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायलों और शवों को निकालने के बाद भारी मशीनरी का उपयोग कर बस को भी खाई से निकालने की कोशिश की जाएगी। पुलिस ने इस दुर्घटना का कारण ओवरस्पीडिंग बताया है।