पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज़ मलिक ने गुरुवार को पेट्रोल-डीजल के दाम में भारी बढ़ोत्तरी का ऐलान किया। पाक में पेट्रोल की कीमत 137.24 पाकिस्तान रुपया (PKR)प्रति लीटर और डीजल 184.49 PKR प्रति लीटर बढ़ाई गई है। पड़ोसी मुल्क मे अब पेट्रोल 458.4 PKR प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) 520.35 PKR प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है। वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस में यह जानकारी दी।

पाकिस्तानी मीडिया वेबसाइट Dawn की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद ऊर्जा मंत्री ने नए रेट्स की पुष्टि के लिए एक नोटिफिकेशन जारी किया। मलिक ने कहा कि नए दाम शुक्रवार (3 अप्रैल 2026) से प्रभावी हो जाएंगे।

पाकिस्तान में केरोसिन के दाम भी बढ़ाए गए हैं। केरोसिन 34.08 PKR प्रति लीटर महंगा होकर 457.80 PKR प्रति लीटर पर पहुंच गया है। आपको बता दें कि 1 भारतीय रुपया (INR) करीब 3 पाकिस्तानी रुपये (PKR) के बराबर है।

पाक ने क्यों बढ़ाए ईंधन के दाम?

पाकिस्तान में ईंधन के दाम में हुई यह बढ़ोत्तरी उस वैश्विक ईंधन संकट के बीच आया है जो 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के चलते पैदा हुआ है। इस संघर्ष के चलते दुनिया के सबसे जरूरी ऑयल शिपिंग रूट में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद हो गया। इस शिपिंग रूट के जरिए दुनिया के करीब 20% ईंधन और गैस की सप्लाई होती है।

डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह घोषणा पिछले सप्ताह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ की उस टिप्पणी के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने युद्ध शुरू होने के बाद पेट्रोल की कीमत में 95 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीज़ल में 203 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने के तीसरे प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया था।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने पेट्रोल में 76 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल में 177 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की सिफारिशों को खारिज़ कर दिया था। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में उछाल आने के बाद भी इसी तरह का प्रस्ताव ठुकरा दिया गया था।

हालांकि, युद्ध शुरू होने के तुरंत बाद सरकार ने 6 मार्च को पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में 55 रुपये प्रति लीटर की शुरुआती बढ़ोतरी की थी।

सब्सिडी उपायों का ऐलान

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पाक मंत्री औरंगज़ेब ने ब्रीफिंग के दौरान कुछ राहत उपायों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहनों के लिए 100 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी दी जाएगी। यह सब्सिडी हर महीने 20 लीटर तक सीमित होगी और यह तीन महीने की अवधि के लिए लागू रहेगी।

कृषि क्षेत्र के लिए छोटे किसानों को प्रति एकड़ 1,500 रुपये की एकमुश्त सब्सिडी दी जाएगी।

परिवहन क्षेत्र में हाई-स्पीड डीज़ल (HSD) पर चलने वाले इंटर-सिटी और मालवाहक वाहनों को 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी दी जाएगी और इसकी कीमतों को हर महीने रिव्यू किया जाएगा। अधिकांश खाद्य वस्तुओं का परिवहन करने वाले ट्रकों को 70,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा, बड़े परिवहन वाहनों को प्रति माह 80,000 रुपये दिए जाएंगे जबकि इंटर-सिटी यात्री और सार्वजनिक सेवा वाहनों को किराए स्थिर रखने में मदद के लिए प्रति माह 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।

औरंगज़ेब ने यह भी कहा कि रेल सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले कम आय वाले यात्रियों के समर्थन के लिए सब्सिडी बढ़ाई जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि ये राहत उपाय कब से लागू किए जाएंगे।