ईरान के वार्ताकारों को पाकिस्तान ने दो दर्जन जेट्स के बेड़े से एस्कॉर्ट कर सुरक्षित घर भेजा है। यह दावा रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से किया है। रॉयटर्स ने तीन सूत्रों के हवाले से कहा कि पाकिस्तान की एयरफोर्स ने पिछले सप्ताहांत अमेरिका के साथ असफल शांति वार्ता से ईरानी प्रतिनिधिमंडल को घर वापस भेजने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया।
सूत्रों ने इसका कारण बताते हुए कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वापस लौटते वक्त इजरायल उन्हें मारने की कोशिश कर सकता है।
करीबन दो दर्जन जेट्स ने किया एस्कॉर्ट
इस अभियान की जानकारी रखने वाले दो पाकिस्तानी सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान ने ईरान के प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब दो दर्जन जेट विमानों को एस्कॉर्ट के रूप में तैनात किया। साथ ही इस्लामाबाद से लौट रहे प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा के लिए हवाई निगरानी के लिए पाकिस्तानी सेना की एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम भी तैनात किया।
जे-10 का भी किया इस्तेमाल
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने इस अभियान के लिए अपने 20 जेट और एयरवेज सिस्टम तैनात किए हैं। यहां तक पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अपने सबसे उन्नत जेट चीनी निर्मित जे-10 का भी इस्तेमाल किया। सूत्रों ने बताया कि अमेरिका और ईरान की शांति वार्ता के अगले दौर के लिए इसी तरह की सुरक्षा ईरानियों को दी जा सकती है।
21 घंटे चली थी वार्ता
11 अप्रैल को इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के लिए पहुंचे थे, जो 21 घंटों चली लंबी बातचीत के बाद भी विफल रही थी।
इस वार्ता में अमेरिका ने ईरान को उसके परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने, बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता घटाने, होर्मुज जलमार्ग को फिर से खोलने, क्षेत्रीय सशस्त्र समूहों को समर्थन बंद करने और चरणबद्ध प्रतिबंधों में ढील स्वीकार करने की बात कही गई थी। ईरान की जमीन पर यूरेनियम को भी सौंपने की मांग की गई थी।
वहीं, ईरान ने भविष्य में उसपर सैन्य कार्रवाई न करने की ठोस गारंटी, युद्ध के दौरान हुए नुकसान की भरपाई करने और होमुर्ज जलमार्ग पर ईरान की संप्रभुता को मान्यता देने की मांग की थी।
यह भी पढ़ें: पूरी तरह से खोला गया होर्मुज जलमार्ग, ईरानी विदेश मंत्री ने की पुष्टि
पिछले 40 दिनों से पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ईरान ने बंद किया था। वहां से केवल कुछ ही जहाजों को गुजरने की अनुमति मिली थी। इस बीच अब ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरघची ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से खोल दिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
