पाकिस्तानी खोजी दलों ने उस मालवाहक विमान के मलबे का पता लगा लिया है जो शारजाह से कराची के लिए उड़ान भरते समय लापता हो गया था। पाकिस्तान की K2 एयरवेज का 27 साल पुराना बोइंग 737 कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था। लापता हुए इस विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे।
पाकिस्तान विमानपत्तन प्राधिकरण (PAA) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (PMSA) ने कल रात लापता घोषित की गई K2 एयरवेज की उड़ान संख्या B737 के मलबे का सफलतापूर्वक पता लगा लिया है। इसमें कहा गया है कि मलबा ओरमारा के 53 समुद्री मील दक्षिण से बरामद किया गया और विमान के चालक दल के लापता सदस्यों को खोजने के प्रयास जारी हैं।
विमान ने नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी थी
संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची जा रहे निजी विमानन कंपनी K2 एयरवेज के बोइंग मालवाहक विमान ने नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी थी और इसके बाद मंगलवार देर शाम रडार से उसका संपर्क टूट गया था। इससे पहले, पीएए के बयान में कहा गया कि मंगलवार रात को जब के2 एयरवेज की उड़ान संख्या बी737 ने पाकिस्तान के समयानुसार रात 9.18 बजे नेविगेशन प्रणाली में खराबी की सूचना दी तो कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (एसीसी) ने तुरंत उसे निर्देशित किया।
बयान में कहा गया, ”रात 9.21 बजे विमान को रडार पर तेजी से नीचे आते और तेजी से दिशा बदलते हुए देखा गया। इसके बाद, कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में रडार से संपर्क और संचार टूट गया।”
विमान 36,550 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरा
फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा Flightradar24 के शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिल रहा था कि मालवाहक विमान कराची के दक्षिण-पश्चिम में अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है। Flightradar24 के ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, लापता होने से पहले विमान एक मिनट से भी कम समय में करीब 5000 फीट नीचे आ गया। इसके बाद केवल 30 सेकंड में वह लगभग 6000 फीट ऊपर चढ़ गया। लेकिन इसके तुरंत बाद विमान 36,550 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिर गया।
यह भी पढ़ें: उड़ान भरते ही लापता हुआ पाकिस्तान का बोइंग 737 विमान
पाकिस्तान की K2 एयरवेज का 27 साल पुराना बोइंग 737 कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया है। पाकिस्तान के विमानन अधिकारियों के अनुसार, विमान में पांच क्रू सदस्य सवार थे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
