पीओके में पाकिस्तान की सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मुजफ्फराबाद के निकट पाकिस्तान आर्मी एविएशन के एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी सैन्य कर्मियों की मौत हो गई।

पाकिस्तानी सेना के बयान के अनुसार, यह दुर्घटना हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी के कारण हुई। सेना ने कहा, ”इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बच पाया।” पाक सेना ने कहा कि बचाव और राहत दल तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के वास्तविक तकनीकी कारण का पता लगाने के लिए एक ‘बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी’ गठित करने का आदेश दिया गया है।

हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर बताया कि हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। आईएसपीआर ने कहा, “इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा।” हालांकि, सेना ने अभी तक मृतकों की कुल संख्या का खुलासा नहीं किया है।

पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर सहित सेना के सभी अधिकारियों और जवानों ने हादसे में जान गंवाने वाले कर्मियों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। आईएसपीआर के अनुसार, सेना ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि वह इस दुखद घड़ी में उनके साथ खड़ी है।

पाकिस्तान में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाएं

गौरतलब है कि पाकिस्तान में हाल के सालों में सैन्य और सरकारी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सितंबर 2025 में गिलगित-बाल्टिस्तान के दियामेर जिले में तकनीकी खराबी के कारण पाकिस्तान सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पांच सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी। वहीं अगस्त 2025 में खैबर पख्तूनख्वा सरकार का एक हेलीकॉप्टर मोहमंद जिले में खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में दो पायलटों और तीन क्रू सदस्यों सहित पांच लोगों की जान चली गई थी।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में तालिबानियों का भीषण हमला

पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार को तालीबानी उग्रवादियों ने 6 पाकिस्तानी जवानों को मार दिया है, जबकि चार अन्य घायल हैं। बताया जा रहा कि पेशावर से करीब 30 किमी दक्षिण-पश्चिम में हसन खेल इलाके में तालीबानी उग्रवादी एक चेक पोस्ट पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(इनपुट- पीटीआई)