Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 26-27 की दरम्यानी रात सैन्य टकराव काफी ज्यादा बढ़ गया था। इसके चलते अफगानिस्तान पाकिस्तान के अंदर घुसकर हमला किया, जिसका जवाब पाकिस्तान की तरफ से दिया गया और अफगानी लड़ाकों को भी काफी नुकसान हुआ। अब ये एक जंग में बदल गया है। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर इस युद्ध में अमेरिका किसके साथ है, लेकिन अब इस सवाल का जवाब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान में मिल गया है।
दरअसल, अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान के युद्ध में अमेरिका ने साफ संकेत दे दिया है, कि वो पकिस्तान के समर्थन में है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह इस संघर्ष में हस्तक्षेप पर विचार कर सकते हैं, हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान के नेतृत्व के साथ अपने अच्छे संबंधों पर जोर दिया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने लेटेस्ट बयान में पाकिस्तान की तारीफ करते हुए कहा, “उनके पास एक बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं, एक शानदार जनरल हैं और एक महान नेतृत्व है। ये ऐसे लोग हैं जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं। पाकिस्तान इस समय काफी अच्छा कर रहा है।”
पाकिस्तान के समर्थन में अमेरिका
डोनाल्ड ट्रंप के अलावा अमेरिका की राजनीतिक मामलों की अंडर सेक्रेटरी एलिसन हुकर ने भी शुक्रवार को अफगानिस्तान के साथ हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के लिए पाकिस्तान के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पाकिस्तान के आत्मरक्षा के अधिकार के समर्थन की भी पुष्टि की। अफगानिस्तान के बीच टकराव के चलते इस्लामाबाद ने खुली जंग का ऐलान कर दिया है।
ऐसे में ट्रंप का पाकिस्तान की तारीफ करते हुए बयान देते हुए साफ संकेत दे दिया कि वे पाकिस्तान को अपना खुलकर समर्थन दे रहे हैं। बता दें कि पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के कई प्रमुख शहरों पर हवाई हमले किए, जिनमें राजधानी काबुल के अलावा कंधार और पक्तिया भी शामिल हैं।
अमेरिका ने जारी की अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी
दूसरी ओर एलिसन हूकर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज पाकिस्तान के विदेश सचिव बलोच से बात कर पाकिस्तान और तालिबान के बीच हालिया संघर्ष में हुई मौतों पर संवेदना व्यक्त की। हम स्थिति पर क़रीबी नज़र बनाए हुए हैं और तालिबान के हमलों के खिलाफ़ पाकिस्तान के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करते हैं।”
इस बीच, पाकिस्तान में अमेरिकी एंबेसी ने एक सुरक्षा अलर्ट जारी कर नागरिकों को अफगानिस्तान के साथ बढ़े तनाव और कानून-व्यवस्था, सैन्य तथा व्यावसायिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने की संभावित आतंकी धमकियों के मद्देनजर प्रमुख शहरों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि यह पहली बार है कि जब पाकिस्तान ने सीधे तौर पर तालिबान के नियंत्रण वाले बड़े शहरों को निशाना बनाया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने इन हमलों के बाद कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच अब ‘ओपन वॉर’ की स्थिति बन चुकी है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच ‘खुले युद्ध’ का है लंबा इतिहास

पाकिस्तान ने शुक्रवार (27 फरवरी) को काबुल और दो दूसरे अफगान प्रांतों पर भीषण बमबारी की। यह हमला अफगानिस्तान के पाकिस्तानी सैनिकों पर बॉर्डर पार से हमला करने के कुछ ही घंटों बाद किया गया। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस स्थिति को अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के साथ ‘खुली जंग’ बताया। पाक ने पहले ही आरोप लगाया था कि अफगानिस्तान पाकिस्तान के अंदर हमले करने वाले मिलिटेंट्स को पनाह देता है। लेकिन दोनों देशों के बीच के मुद्दे इतिहास में बहुत पुराने हैं। पढ़िए पूरी खबर…
